Breaking News

'हमें आपके स्वास्थ्य की चिंता है...' बबीता फोगाट की सोनम वांगचुक से अनशन तोड़ने की अपील     |   मेट्रो स्टेशन बंद होने से वकीलों की परेशानी सुप्रीम कोर्ट पहुंची, CJI बोले- जरूरत पड़ी तो करेंगे हस्तक्षेप     |   छात्रों के आंदोलन में शामिल होंगे अन्न हजारे     |   विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित     |   ‘युवाओं का हित मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता’, अमित शाह का एक्स पोस्ट     |  

एएफआई ने नीरज चोपड़ा को ‘सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट’ पुरस्कार से सम्मानित किया

नयी दिल्ली, 20 जून (भाषा) भारत के शीर्ष भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा को शनिवार को यहां पहली बार आयोजित भारतीय एथलेटिक्स पुरस्कार समारोह में साल 2025 के ‘सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

तोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक और उसके बाद पेरिस में रजत पदक जीतने वाले चोपड़ा ने कहा कि यह सम्मान उनके दिल के बहुत करीब है क्योंकि यह अलग-अलग पीढ़ियों के खिलाड़ियों की मौजूदगी में मिला है।

चोपड़ा ने कहा, ‘‘यह पुरस्कार मेरे दिल के बहुत नजदीक है। यहां एथलीटों की पुरानी और नयी पीढ़ी मौजूद है। उनके सामने यह पुरस्कार पाकर मैं बहुत खुश हूं। ’’

चोपड़ा ने शुक्रवार रात दोहा डायमंड लीग में हिस्सा लिया था, जहां 28 साल के इस खिलाड़ी ने अपने तीसरे प्रयास में 85.69 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और सत्र की पहली प्रतियोगिता में चौथे स्थान पर रहे। चोपड़ा दोहा से इस समारोह में शामिल होने के लिए यहां पहुंचे।

वहीं साल की ‘सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट’ का पुरस्कार पारुल चौधरी को मिला जो 3000 मीटर स्टीपलचेज में राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी हैं।

मशहूर धाविका और भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले पूर्व डेकाथलीट गुरबचन सिंह रंधावा, राष्ट्रीय टीम के पूर्व मुख्य कोच बहादुर सिंह चौहान और विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली लंबी कूद एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज को भी यह सम्मान मिला।

पहले पुरस्कार समारोह में 10 वर्ग शामिल थे जिनमें सर्वश्रेष्ठ एथलीट (पुरुष और महिला), सर्वश्रेष्ठ कोच, सर्वश्रेष्ठ तकनीकी अधिकारी, सर्वश्रेष्ठ राज्य संघ और ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार शामिल हैं।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर