ललितपुर, 20 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा की सराहना करते हुए शनिवार को कहा कि स्वदेशी तकनीक से विकसित ब्रह्मोस मिसाइलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान को ‘‘मुंहतोड़ जवाब’’ दिया।
आदित्यनाथ ने ललितपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइलों ने ‘‘पाकिस्तान को मदद की गुहार लगाने और खुद को बचाने की भीख मांगने पर मजबूर कर दिया।’’
मुख्यमंत्री ने 1,766 करोड़ रुपये की लागत वाली 221 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश का पहला फार्मा पार्क ललितपुर में स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य के पहले फार्मा पार्क की स्थापना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।’’
हाल में हुए अमेरिका-ईरान संघर्ष का उल्लेख करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि इस संघर्ष के कारण वैश्विक स्तर पर ईंधन आपूर्ति प्रभावित हुई, लेकिन मोदी सरकार के प्रयासों से भारत में ऊर्जा संकट पैदा नहीं हुआ।
आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘अमेरिका-ईरान संघर्ष के दौरान दुनिया भर में ईंधन आपूर्ति बाधित हुई। मोदी जी के नेतृत्व में ऐसे कदम उठाए गए, जिनसे देश को ऊर्जा संकट का सामना नहीं करना पड़ा। लोगों को राहत मिली और महंगाई भी नियंत्रण में रही।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ब्रह्मोस मिसाइलें उत्तर प्रदेश में बनाई जा रही हैं। जब ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान इनका इस्तेमाल किया गया तो पाकिस्तान को ऐसा करारा झटका लगा कि वह मदद की गुहार लगाने और खुद को बचाने की भीख मांगने पर मजबूर हो गया। यह नए भारत की ताकत है और इसे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व से शक्ति मिलती है।’’
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश, विशेष रूप से बुंदेलखंड क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास हुआ है।
समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने ललितपुर की उपेक्षा की और उनके पास विकास का कोई स्पष्ट दृष्टिकोण नहीं था।
उन्होंने कहा, ‘‘आज हम यहां 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी चार बार सत्ता में रही, लेकिन अपने पूरे कार्यकाल में भी उसने ललितपुर के लिए इतनी राशि आवंटित नहीं की होगी। कांग्रेस ने पांच दशक तक शासन किया, फिर भी विकास की दृष्टि के अभाव में वह भी इतना निवेश नहीं कर सकी।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ लोग उनके परिवार की तरह हैं और उनके विकास, सुरक्षा तथा सम्मान की जिम्मेदारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभा रही है।
उन्होंने विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी के लिए सैफई ही परिवार था और कांग्रेस के लिए दिल्ली का एक परिवार ही पूरा देश था। वे उससे आगे नहीं देख सके।’’
आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने प्रत्येक जिले में एक-एक माफिया को संरक्षण दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘इन माफियाओं ने अवैध वसूली की, जनता की मेहनत की कमाई लूटी, अवैध खनन और पेड़ों की कटाई कराई, पशु तस्करी को बढ़ावा दिया और उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया। बुंदेलखंड के युवाओं को पलायन के लिए मजबूर किया गया, महिलाओं को परेशान किया गया और युवाओं को रोजगार के अवसरों से वंचित रखा गया।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि ललितपुर वर्षों तक उपेक्षा का शिकार रहा, लेकिन अब विकास और नवाचार का केंद्र बनकर उभर रहा है।
उन्होंने दावा किया कि पहले जिले में सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव था। जल संसाधनों की प्रचुरता के बावजूद सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी और गरीबों को आवास भी उपलब्ध नहीं थे।
आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में प्राकृतिक संसाधनों की लूट और अवैध खनन को बढ़ावा मिला।
उन्होंने कहा कि ललितपुर ने राज्य की पहली सरकारी गौशाला स्थापित कर एक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘तुवन सरकार के आशीर्वाद से तत्कालीन प्रशासन ने यहां प्रदेश की पहली गौशाला शुरू की थी। आज वहां तैयार होने वाली जैविक खाद अन्य देशों को निर्यात किए जाने की दिशा में अग्रसर है।’’
उन्होंने कहा कि ‘हर घर जल योजना’ के कारण अब बुंदेलखंड की महिलाओं को सिर पर पानी के घड़े ढोने की मजबूरी नहीं रही और घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है।
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार इस क्षेत्र में उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक नगर विकसित करने की योजना पर काम कर रही है।
इससे पहले, आदित्यनाथ ने मध्यप्रदेश के दतिया स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर (पीतांबरा पीठ) में पूजा-अर्चना की। दतिया हवाई पट्टी पर मध्यप्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने पीतांबरा पीठ में मां बगलामुखी की पूजा की और मंदिर परिसर स्थित वंखंडेश्वर महादेव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जलाभिषेक भी किया।
इसके बाद वह ललितपुर पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उत्तर प्रदेश सरकार के एक बयान के अनुसार, ललितपुर पहुंचने पर उन्होंने तुवन मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया।
भाषा
अरूनव, जफर रवि कांत