Breaking News

'हमें आपके स्वास्थ्य की चिंता है...' बबीता फोगाट की सोनम वांगचुक से अनशन तोड़ने की अपील     |   मेट्रो स्टेशन बंद होने से वकीलों की परेशानी सुप्रीम कोर्ट पहुंची, CJI बोले- जरूरत पड़ी तो करेंगे हस्तक्षेप     |   छात्रों के आंदोलन में शामिल होंगे अन्न हजारे     |   विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित     |   ‘युवाओं का हित मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता’, अमित शाह का एक्स पोस्ट     |  

तमिलनाडु: द्रमुक ने विधानसभा की कार्यवाही के सीधे प्रसारण की मांग की

चेन्नई, 20 जून (भाषा) तमिलनाडु में विपक्षी पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष जे. सी. डी. प्रभाकर से विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने विधानसभा अध्यक्ष को लिखे पत्र में याद दिलाया कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने वादा किया था कि विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण किया जाएगा, लेकिन इसके विपरीत, 19 जून को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव से जुड़ी चर्चा का पूरा प्रसारण नहीं किया गया।

उदयनिधि ने अनुरोध किया कि 22 जून को होने वाले विधानसभा सत्र के दौरान उनकी और अन्य नेताओं के भाषणों सहित पूरी कार्यवाही का सीधा प्रसारण किया जाए।

द्रमुक युवा शाखा के सचिव उदयनिधि ने विधानसभा के मौजूदा सत्र के दौरान सीधा प्रसारण फिर से शुरू करने को लेकर मंत्री राजमोहन की टिप्पणी का हवाला देते हुए दावा किया कि जिस दिन राजमोहन ने वादा पूरा करने की बात कही थी, उसी दिन प्रसारण सेवा में बाधा आई थी।

राजमोहन ने कहा था, “मुख्यमंत्री ने अपना वादा निभाया है। विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण, जो दो या तीन साल से बंद था, फिर से शुरू हो गया है। अब से विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण जारी रहेगा। यह लोकतंत्र का एक बेहतरीन उदाहरण है।”

उदयनिधि ने पत्र में कहा, “अगर सीधा प्रसारण रोकना एक बड़ी गलती थी, तो इसके बाद उससे भी बड़ी गलती की गई। विपक्षी दलों की भागीदारी वाली बहसों को पूरी तरह से रोक दिया गया और केवल उन वीडियो क्लिप्स को शाम में संपादित करके जारी किया गया, जिन्हें सत्तारूढ़ टीवीके दिखाना चाहता था।”

उन्होंने दावा किया कि यह ‘अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, खासकर विधानसभा के भीतर बोलने की स्वतंत्रता को कुचलने वाला कदम है।’

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश