(फोटो के साथ)
रायरंगपुर (ओडिशा), 20 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि पूर्वी भारत कांग्रेस के शासनकाल के दौरान पिछड़ा बना रहा और अब यह प्रगति तथा विकास के प्रवेश द्वार के रूप में उभर रहा है।
ओडिशा में मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में 47,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के बाद मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और कल्याणकारी योजनाएं गरीबों के जीवन में बदलाव ला रही हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘पूर्वी भारत कांग्रेस के शासनकाल के दौरान पिछड़ा हुआ रहा और अब यह प्रगति तथा विकास के प्रवेश द्वार के रूप में उभर रहा है।’’
मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार का नजरिया पूर्वी भारत के विकास के माध्यम से देश का विकास करना है और सरकार ‘पूर्वोदय’ नीति पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘ओडिशा विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र का दृष्टिकोण पूर्वी भारत के विकास के माध्यम से भारत का विकास करना है। इसीलिए हम ‘पूर्वोदय’ नीति पर काम कर रहे हैं।’’
मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ओडिशा के संसाधनों को संभावनाओं में बदल रही है और अब तक लगभग 20 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 68वें जन्मदिन के मौके पर मयूरभंज जिले के पहाड़पुर स्थित उनके गांव के दौरे के बाद, मोदी ने घोषणा की कि इसे सूर्य ग्राम (सोलर विलेज) के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे हर घर में सौर ऊर्जा का उत्पादन सुनिश्चित होगा।
ओडिशा के प्रसिद्ध कोणार्क सूर्य मंदिर से तुलना करते हुए, उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पहाड़पुर एक आदर्श सौर-ऊर्जा संचालित गांव के रूप में विकसित होगा।
उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मू को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और मयूरभंज की धरती से उठकर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक उनके पहुंचने को ओडिशा और पूरे देश के लिए अत्यंत गर्व का विषय बताया।
मोदी ने कहा, ‘‘जनसेवा के प्रति उनका समर्पण, विनम्रता और राष्ट्र-निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता सराहनीय है। उनकी उपस्थिति प्रेरणा देती है और विशेष रूप से आदिवासी, वंचित और हाशिए पर रहने वाले समुदायों के बच्चों में आत्मविश्वास तथा महत्वाकांक्षा का संचार करती है।’’
उन्होंने कहा कि ओडिशा के पास एक समृद्ध राज्य बनने के लिए सभी आवश्यक तत्व मौजूद हैं, जिनमें तटरेखा, खनिज, कृषि और सबसे बढ़कर युवाओं की क्षमता शामिल है।
उन्होंने कहा कि रेलवे, सड़क, बंदरगाह, बिजली, सेमीकंडक्टर और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में समग्र प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि लोगों को ‘डबल इंजन’ सरकार के लाभ अब अपने दैनिक जीवन में मिलने लगे हैं।
मोदी ने कहा कि ‘उत्कर्ष ओडिशा अभियान’ के माध्यम से राज्य को 20 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 3.5 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘राज्य सरकार उद्योगों की स्थापना के लिए अनुकूल परिस्थितियां सुनिश्चित करने पर जोर दे रही है।’’
उन्होंने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में 6,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार के इस निर्णय की सराहना की कि किसानों को धान के लिए 3,100 रुपये प्रति क्विंटल दिए जा रहे हैं तथा सुभद्रा योजना के तहत एक करोड़ से अधिक महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।
मोदी ने कहा कि ओडिशा के लोग अब आयुष्मान योजना के माध्यम से देशभर में इलाज का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही भाजपा सरकार सत्ता में आई, उसने पुरी के जगन्नाथ मंदिर के चारों द्वार खोल दिए और आदिवासी बच्चों में स्कूल छोड़ने की दर कम करने के लिए एक योजना शुरू की।
उन्होंने कहा कि जनजातीय विकास उनकी सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है।
मोदी ने कहा कि ‘पीएम जनमन’ मिशन विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के लिए बनाया गया है, ताकि सरकारी सेवाएं सबसे अधिक हाशिए पर रहने वाले आदिवासी समुदायों तक उनके घर-द्वार तक पहुंच सकें।
आदिवासी युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के अवसरों पर उन्होंने कहा कि देशभर में लगभग 500 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय पहले ही खोले चुके हैं, जबकि लगभग 750 और स्कूलों को स्वीकृति दी गई है।
उन्होंने कहा कि 1.5 करोड़ से अधिक आदिवासी छात्रों को प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक स्तर पर सैकड़ों करोड़ रुपये की छात्रवृत्तियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि मयूरभंज जिले में एक अतिरिक्त जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना के लिए मंजूरी दे दी गई है।
उन्होंने कहा कि सिकल सेल एनीमिया आदिवासी बहुल क्षेत्रों में एक चुनौती है और सरकार ने इस बीमारी के खिलाफ देशव्यापी अभियान शुरू किया है।
मोदी ने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा और उन्होंने ओडिशा को ज्ञान और योग परंपराओं से गहराई से जुड़ी धरती बताया।
उन्होंने भारत और दुनियाभर के लोगों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में योग दिवस में हिस्सा लें और योग को जीवनशैली के रूप में अपनाएं।
मोदी ने ओडिशा की ‘‘स्वच्छता और जनकल्याण योजनाओं में सफलता’’ के लिए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को भी बधाई दी।
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव