Breaking News

'हमें आपके स्वास्थ्य की चिंता है...' बबीता फोगाट की सोनम वांगचुक से अनशन तोड़ने की अपील     |   मेट्रो स्टेशन बंद होने से वकीलों की परेशानी सुप्रीम कोर्ट पहुंची, CJI बोले- जरूरत पड़ी तो करेंगे हस्तक्षेप     |   छात्रों के आंदोलन में शामिल होंगे अन्न हजारे     |   विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित     |   ‘युवाओं का हित मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता’, अमित शाह का एक्स पोस्ट     |  

भ्रष्टाचार के मामले में ओडिशा का इंजीनियर गिरफ्तार, 49 भूखंड और तीन फार्महाउस जब्त

भुवनेश्वर, 20 जून (भाषा) ओडिशा में कई जगहों पर छापेमारी में करोड़ों रुपये की संपत्ति का पता चलने के एक दिन बाद एक सरकारी इंजीनियर को गिरफ्तार कर लिया गया। इस संपत्ति में 49 महंगे भूखंड, तीन फार्महाउस और लगभग एक किलो सोने के गहने शामिल हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कोरापुट जिले के कोटपाडा ब्लॉक में तैनात सहायक अधिशासी अभियंता (एईई) सत्यनारायण सेठी को आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान सेठी के पास उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति पाई गई, जिसमें दो फ्लैट शामिल हैं, जिनमें से एक फ्लैट कथित तौर पर बेनामी संपत्ति था।

उन्होंने बताया कि जो अन्य संपत्तियां मिली हैं उनमें 14 एकड़ में फैले तीन फार्महाउस, 49 भूखंड, 940 ग्राम सोने के गहने, 2.5 किलो चांदी, 5.48 लाख रुपये नकद, 60.92 लाख रुपये से अधिक की बैंक जमा राशि और कथित तौर पर बेनामी तरीके से रखी गई एक चार-पहिया गाड़ी शामिल है।

उन्होंने कहा कि सेठी संपत्ति के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।

अधिकारियों ने बताया कि ओडिशा सतर्कता विभाग की सात टीम ने तलाशी अभियान चलाया। इन टीम का नेतृत्व सात डीएसपी कर रहे थे और इनमें नौ निरीक्षक, 11 एएसआई और अन्य सहयोगी कर्मचारी शामिल थे।

उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 के प्रावधानों के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।

सेठी 1998 में कनिष्ठ अभियंता के तौर पर सरकारी सेवा में शामिल हुआ और उसकी शुरुआती मासिक तनख्वाह 7,100 रुपये थी।

अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2015 में उसे सहायक अभियंता के पद पर पदोन्नत किया गया था और उसकी नियुक्ति कोटपाडा ब्लॉक में की गई थी।

जून 2020 में उसका तबादला बोरिगुमा ब्लॉक में कर दिया गया। सेठी को 2025 में सहायक अधिशासी अभियंता के पद पर पदोन्नत किया गया और तब से वह कोटपाडा ब्लॉक में तैनात है।

भाषा

शुभम माधव

माधव