Breaking News

'हमें आपके स्वास्थ्य की चिंता है...' बबीता फोगाट की सोनम वांगचुक से अनशन तोड़ने की अपील     |   मेट्रो स्टेशन बंद होने से वकीलों की परेशानी सुप्रीम कोर्ट पहुंची, CJI बोले- जरूरत पड़ी तो करेंगे हस्तक्षेप     |   छात्रों के आंदोलन में शामिल होंगे अन्न हजारे     |   विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित     |   ‘युवाओं का हित मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता’, अमित शाह का एक्स पोस्ट     |  

उषा और अंजू समेत चार पूर्व खिलाड़ियों को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार

नयी दिल्ली, 20 जून (भाषा) मशहूर धाविका और भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा को शनिवार को यहां पहली बार आयोजित भारतीय एथलेटिक्स पुरस्कार समारोह में ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले पूर्व डेकाथलीट गुरबचन सिंह रंधावा, राष्ट्रीय टीम के पूर्व मुख्य कोच बहादुर सिंह चौहान और विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली लंबी कूद एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज को भी यह सम्मान मिला।

पुरस्कार मिलने के बाद उषा ने कहा कि इस सम्मान को पाकर उन्हें सुखद आश्चर्य हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे इस पुरस्कार की उम्मीद नहीं थी क्योंकि मैंने इसके लिए आवेदन नहीं किया था। भारत में अक्सर ऐसा होता है कि अगर आप आवेदन नहीं करते हैं तो आपको पुरस्कार नहीं मिलते। यह मेरे महासंघ एएफआई की बहुत अच्छी पहल है। ’’

पहले पुरस्कार समारोह में 10 वर्ग शामिल थे जिनमें सर्वश्रेष्ठ एथलीट (पुरुष और महिला), सर्वश्रेष्ठ कोच, सर्वश्रेष्ठ तकनीकी अधिकारी, सर्वश्रेष्ठ राज्य संघ और ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार शामिल हैं।

आईओए अध्यक्ष उषा को भारत के सबसे महान एथलीट में से एक माना जाता है। उन्होंने एशियाई खेलों में कई पदक जीते हैं और तीन ओलंपिक खेलों में देश का प्रतिनिधित्व किया है।

अंजू बॉबी जॉर्ज ने पेरिस में 2003 विश्व चैंपियनशिप में महिलाओं की लंबी कूद में कांस्य पदक जीता था।

भारत के शुरुआती ट्रैक एवं फील्ड स्टार में से एक रंधावा ने 1962 एशियाई खेलों में डेकाथलन में स्वर्ण पदक जीता था जबकि बहादुर सिंह चौहान ने राष्ट्रीय मुख्य कोच के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान भारतीय खिलाड़ियों की कई पीढ़ियों का मार्गदर्शन किया था।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर