Breaking News

'हमें आपके स्वास्थ्य की चिंता है...' बबीता फोगाट की सोनम वांगचुक से अनशन तोड़ने की अपील     |   मेट्रो स्टेशन बंद होने से वकीलों की परेशानी सुप्रीम कोर्ट पहुंची, CJI बोले- जरूरत पड़ी तो करेंगे हस्तक्षेप     |   छात्रों के आंदोलन में शामिल होंगे अन्न हजारे     |   विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित     |   ‘युवाओं का हित मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता’, अमित शाह का एक्स पोस्ट     |  

राजस्थान में नीट-यूजी पुनर्परीक्षा के लिए सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त

जयपुर, 20 जून (भाषा) राजस्थान पुलिस ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) की रविवार को होने वाली पुनर्परीक्षा के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। इसके तहत सीसीटीवी निगरानी, सिग्नल जैमर और चौबीसों घंटे निगरानी सहित कई विशेष प्रबंध किए गए हैं।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि इस बार परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को पिछले वर्ष की तुलना में और अधिक सुदृढ़ बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ पहले ही वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित की जा चुकी है।

बंसल ने कहा, ‘‘प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रखने वाले स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के संबंध में विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।’’

उन्होंने बताया कि 'स्ट्रांग रूम' और परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे तथा सिग्नल जैमर लगाए जा रहे हैं। साथ ही, विशेष अभियान समूह (एसओजी) और खुफिया एजेंसियां पूरी प्रक्रिया पर लगातार नजर रखेंगी।

बंसल के अनुसार, नीट-यूजी की पुनर्परीक्षा राजस्थान के 25 जिलों में लगभग 611 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवधानमुक्त ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे और सिग्नल जैमर सक्रिय रहेंगे।’’

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास मोबाइल नेटवर्क संकेतों को बाधित करने और किसी भी प्रकार की अनियमितता या हस्तक्षेप को रोकने के लिए जैमर लगाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा सोशल मीडिया और तकनीकी माध्यमों से लगातार निगरानी की जा रही है। परीक्षा प्रक्रिया की पूरी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत