Breaking News

भारत में महंगी हुई कैन वाली 'डाइट कोक', 10 फीसदी से अधिक बढ़े दाम     |   ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो, नहीं तो जारी रहेगा आंदोलन’, अभिजीत दिपके ने कहा     |   दिल्ली: सरकार और सीजेपी प्रतिनिधिमंडल के बीच कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में मीटिंग जारी     |   जेपी नड्डा संग बातचीत के लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब पहुंचा सीजेपी प्रतिनिधिमंडल     |   धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर हंगामे के बीच लोकसभा सोमवार तक स्थगित     |  

दिल्ली में ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक में शामिल होंगे चीन के विदेश मंत्री

(के.जे.एम. वर्मा)

बीजिंग, 18 जून (भाषा) चीन के विदेश मंत्री वांग यी 22-23 जून को नयी दिल्ली में होने वाली ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों (एनएसए) की बैठक में भाग लेंगे। चीन ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

ब्रिक्स राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक में 11 सदस्य देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार भाग लेते हैं और प्रमुख सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा करते हैं।

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने बीजिंग में संवाददाता सम्मेलन के दौरान वांग के बैठक में भाग लेने की जानकारी दी।

लिन ने कहा कि वांग अन्य ब्रिक्स सदस्य देशों के साथ वर्तमान अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा स्थिति और प्रमुख अंतरराष्ट्रीय व क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।

लिन ने बताया कि बैठक में पारंपरिक और गैर-पारंपरिक सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए संयुक्त प्रतिक्रिया पर भी चर्चा होगी और सितंबर में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियां भी की जाएंगी।

उन्होंने कहा, “एक बदलती और अस्थिर दुनिया में कई सुरक्षा चुनौतियों के बीच ग्लोबल साउथ की अगुवाई करने वाले ब्रिक्स देश विश्व शांति की रक्षा, साझा विकास को बढ़ावा देने, बहुपक्षवाद का पालन करने और अधिक न्यायसंगत वैश्विक शासन कायम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

इस वर्ष भारत ब्रिक्स समूह की अध्यक्षता कर रहा है। इसके सदस्य देशों में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं।

ब्रिक्स देशो के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की पिछली बैठक गत वर्ष ब्राजील के ब्रासीलिया में आयोजित की गई थी।

भाषा जोहेब माधव

माधव