Breaking News

भारत में महंगी हुई कैन वाली 'डाइट कोक', 10 फीसदी से अधिक बढ़े दाम     |   ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो, नहीं तो जारी रहेगा आंदोलन’, अभिजीत दिपके ने कहा     |   दिल्ली: सरकार और सीजेपी प्रतिनिधिमंडल के बीच कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में मीटिंग जारी     |   जेपी नड्डा संग बातचीत के लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब पहुंचा सीजेपी प्रतिनिधिमंडल     |   धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर हंगामे के बीच लोकसभा सोमवार तक स्थगित     |  

महाराष्ट्र पुलिस ने शिवसेना (उबाठा) के छह बागी सांसदों को ‘वाई-प्लस’ सुरक्षा प्रदान की

मुंबई, 18 जून (भाषा) महाराष्ट्र पुलिस ने शिवसेना (उबाठा) के छह ‘बागी’ सांसदों को ‘वाई-प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है।

राज्य पुलिस के इंटेलिजेंस आयुक्त शिरीष जैन द्वारा हस्ताक्षरित एक पत्र में कहा गया है कि संजय दीना पाटिल (मुंबई-उत्तर पूर्व), संजय देशमुख (यवतमाल-वाशिम), संजय जाधव (परभणी), भाऊसाहेब वाकचौरे (शिरडी), नागेश पाटिल-आष्टीकर (हिंगोली) और ओमप्रकाश राजेनिंबालकर (उस्मानाबाद) को सुरक्षा प्रदान की गई है।

दिनांक 17 जून के पत्र में कहा गया है कि इन सांसदों को तत्काल प्रभाव से ‘वाई-प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए।

ये सांसद शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के संसदीय दल की नयी दिल्ली में हुई बैठक में शामिल नहीं हुए।

शिवसेना (उबाठा) के एक स्थानीय नेता ने बुधवार को पार्टी के यवतमाल-वाशिम से लोकसभा सदस्य संजय देशमुख को कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा था कि अगर देशमुख संसदीय सीट से इस्तीफा दिए बिना अपनी निष्ठा बदलते हैं, तो उन्हें अपने चुनाव क्षेत्र में वापस नहीं आना चाहिए, वरना उनकी कार जला दी जाएगी।

शिवसेना (उबाठा) के एकमात्र राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने बैठक में शामिल नहीं होने वाले सांसदों पर निशाना साधा और उनके लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि ‘‘गद्दारों’’ को शिवसैनिकों के गुस्से से बचने के लिए भारतीय वायुसेना की सुरक्षा की आवश्यकता पड़ेगी।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश