Breaking News

भारत में महंगी हुई कैन वाली 'डाइट कोक', 10 फीसदी से अधिक बढ़े दाम     |   ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो, नहीं तो जारी रहेगा आंदोलन’, अभिजीत दिपके ने कहा     |   दिल्ली: सरकार और सीजेपी प्रतिनिधिमंडल के बीच कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में मीटिंग जारी     |   जेपी नड्डा संग बातचीत के लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब पहुंचा सीजेपी प्रतिनिधिमंडल     |   धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर हंगामे के बीच लोकसभा सोमवार तक स्थगित     |  

अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसडी संजय बिहार के नये महाधिवक्ता नियुक्त

पटना, 18 जून (भाषा) भारत के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसडी संजय को बिहार का नया महाधिवक्ता नियुक्त किया गया है। राज्य के विधि विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को जारी अधिसूचना में यह जानकारी दी गई।

संजय की नियुक्ति पूर्व महाधिवक्ता पीके शाही के इस्तीफे के बाद की गई है।

शाही बिहार सरकार में मंत्री रह चुके हैं। माना जा रहा है कि उन्होंने अपने राजनीतिक मार्गदर्शक और जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद महाधिवक्ता पद से इस्तीफा देने का फैसला किया।

नीतीश के इस्तीफे के बाद राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार का गठन हुआ।

दिल्ली विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री हासिल करने वाले संजय ने अपने विधि करियर की शुरुआत पटना उच्च न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में की। उन्होंने दीवानी और आपराधिक दोनों तरह के मामलों की पैरवी में अपनी पहचान बनाई। वह भाजपा की बिहार इकाई के विधि प्रकोष्ठ के प्रमुख के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।

संजय वर्ष 2010 से 2014 तक बिहार के अतिरिक्त महाधिवक्ता भी रहे। इसके बाद वर्ष 2015 में उन्हें भारत का अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल नियुक्त किया गया। इस पद पर उनकी नियुक्ति केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के एक साल बाद की गई।

नये महाधिवक्ता के रूप में संजय की नियुक्ति का स्वागत कई लोगों ने किया। इनमें बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन मिश्रा भी शामिल हैं, जो बिहार से भाजपा के राज्यसभा सदस्य भी हैं।

भाषा

कैलाश पारुल

पारुल