Breaking News

‘छात्रों पर पैलेट गन से हमला क्यों, उनको मारना-पीटना बंद हो’, बोले राहुल गांधी     |   दिल्ली: जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से घायल छात्रों से मिले राहुल गांधी     |   ‘प्रदर्शनकारी छात्रों पर लगाए केसों को हटाने पर विचार करेगी सरकार’, CJP का बयान     |   ‘धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर समझौता नहीं’, सरकार संग मीटिंग के बाद CJP ने कहा     |   दिल्ली: जंतर-मंतर के आसपास कई स्थानों पर फेशियल रिकॉग्निशन कैमरे लगाए गए     |  

लखनऊ में पड़ोसी विवाद के दौरान पत्थर लगने से 75 वर्षीय महिला की मौत

लखनऊ, 18 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बंथरा इलाके में दो परिवारों के बीच हुए विवाद के दौरान छत से फेंके गये पत्थर से चोट लगने की घटना में 75 साल के एक महिला की मौत हो गयी । पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, 17 जून की रात करीब 9:10 बजे मवई पड़ियाना गांव में दो पड़ोसी गुटों के बीच झगड़ा हो गया था, जिसके बाद बंथरा पुलिस मौके पर पहुंची।

दोनों पक्षों की पहचान राजेंद्र और उनके पड़ोसियों धर्मेंद्र, गोविंद और पंचम के परिवारों के रूप में हुई है। सभी लोग आमने-सामने रहते हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले दोनों पक्ष शाम को साथ में शराब पीने के बाद घर लौटे थे, जिसके बाद किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

विवाद के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर अपने घर की छत से ईंट-पत्थर फेंके। इसी दौरान एक पत्थर राजेंद्र की मां सियावती रावत को लग गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।

घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में राजेंद्र भी घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने बताया कि तीन नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। धर्मेंद्र को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस बल तैनात किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

भाषा सं जफर मनीषा रंजन

रंजन