Breaking News

‘छात्रों पर पैलेट गन से हमला क्यों, उनको मारना-पीटना बंद हो’, बोले राहुल गांधी     |   दिल्ली: जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से घायल छात्रों से मिले राहुल गांधी     |   ‘प्रदर्शनकारी छात्रों पर लगाए केसों को हटाने पर विचार करेगी सरकार’, CJP का बयान     |   ‘धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर समझौता नहीं’, सरकार संग मीटिंग के बाद CJP ने कहा     |   दिल्ली: जंतर-मंतर के आसपास कई स्थानों पर फेशियल रिकॉग्निशन कैमरे लगाए गए     |  

बाटा इंडिया ने संजय राव को नियुक्त किया कंपनी का एमडी एवं सीईओ

नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) जूते-चप्पल बनाने वाली प्रमुख कंपनी बाटा इंडिया लिमिटेड ने संजय राव को अपना नया प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त करने की घोषणा की है।

बाटा इंडिया लिमिटेड ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा कि राव अब गुंजन शाह की जगह लेंगे। गुंजन शाह ने पांच साल तक कारोबार का नेतृत्व किया और कार्यकाल पूरा होने के बाद वह अपना पद छोड़ देंगे।

कंपनी ने बताया कि राव नाइकी से बाटा इंडिया में शामिल हो रहे हैं, जहां उन्होंने हाल ही में नाइकी रिटेल में वरिष्ठ निदेशक के तौर पर फ्रांस और बेनेलक्स बाजारों का कामकाज संभाला था।

राव के पास भारत, दक्षिण एशिया, चीन और यूरोप में खुदरा तथा उपभोक्ता क्षेत्र में दो दशक से ज़्यादा का नेतृत्व अनुभव है।

नाइकी से पहले उन्होंने इंडिटेक्स के साथ कई वर्षों तक काम किया। इस दौरान उन्होंने टाटा समूह के साथ संयुक्त उद्यम के माध्यम से भारत में जारा के कारोबार की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके बाद उन्होंने भारत, दक्षिण एशिया और चीन में विभिन्न वरिष्ठ नेतृत्व पदों पर जिम्मेदारियां संभालीं।

भाषा यासिर अजय

अजय