Breaking News

बोकारो: बाल सुधार गृह में फ्लू का प्रकोप, 20 बाल बंदी संक्रमित, एक ICU में भर्ती     |   दिल्ली पुलिस की कंपनियों को धारा 163 वाले इलाकों में कैब-फूड डिलीवरी रोकने की सलाह     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.237 अरब डॉलर हुआ     |   उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र तीन अगस्त से शुरू होगा     |   मंडी हाउस-सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट खुले, DMRC का X पोस्ट     |  

मप्र : रणथंभौर एक्सप्रेस के ब्रेक जाम होने से पहियों से धुआं निकला, कोई जनहानि नहीं

इंदौर, 18 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में बृहस्पतिवार को इंदौर-जोधपुर रणथंभौर एक्सप्रेस के जनरल कोच के पहियों के ब्रेक जाम होने से घर्षण के कारण धुआं निकला और रेलवे कर्मचारियों ने अग्निशामक यंत्र की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया। रेलवे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि घटना के दौरान ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।

घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर आए हैं। इनमें ट्रेन के पहियों से गहरा सफेद धुआं निकलता दिखाई दे रहा है और अफरा-तफरी के बीच यात्री ट्रेन से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं।

रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि यह घटना कोटा मंडल के तहत आने वाले क्षेत्र में लूनी रिछा स्टेशन के पास हुई।

उन्होंने कहा, 'इंदौर-जोधपुर रणथंभौर एक्सप्रेस (12465) के जनरल कोच के पहियों का ‘ब्रेक ब्लॉक’ जाम हो जाने से घर्षण के कारण धुआं निकला। यह आग लगने की घटना नहीं थी, बल्कि एक तकनीकी गड़बड़ी थी।’’

कुमार ने बताया कि चालक को स्थिति की जानकारी मिलते ही ट्रेन रोक दी गई और अग्निशामक यंत्र की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि घटना के दौरान ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।

जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि प्रभावित ब्रेक प्रणाली को दुरुस्त करके ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

भाषा हर्ष मनीषा

मनीषा