Breaking News

बोकारो: बाल सुधार गृह में फ्लू का प्रकोप, 20 बाल बंदी संक्रमित, एक ICU में भर्ती     |   दिल्ली पुलिस की कंपनियों को धारा 163 वाले इलाकों में कैब-फूड डिलीवरी रोकने की सलाह     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.237 अरब डॉलर हुआ     |   उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र तीन अगस्त से शुरू होगा     |   मंडी हाउस-सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट खुले, DMRC का X पोस्ट     |  

झारखंड: रांची में आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार

रांची, 18 जून (भाषा) झारखंड के रांची में आरएसएस कार्यालय पर कथित तौर पर पेट्रोल बम फेंकने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को बुधवार देर रात लोहरदगा जिले से पकड़ा गया और उनके द्वारा इस्तेमाल की गई एक कार जब्त कर ली गई।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने आरोप लगाया था कि बुधवार तड़के निवारणपुर इलाके में उसके कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके गए, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया।

रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, 'मामले के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।'

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को मौके से कांच की बोतलों के टुकड़े बरामद हुए थे।

पुलिस के अनुसार, बोतलों में मौजूद सामग्री का पता लगाने के लिए एक फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया। बम निरोधक दस्ते ने आरएसएस कार्यालय का भी दौरा किया।

एक अन्य अधिकारी ने कहा, 'बोतलों में मौजूद सामग्री के पेट्रोल होने का संदेह है, आईईडी या बम जैसी कोई विस्फोटक वस्तु नहीं मिली'।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा