Breaking News

बोकारो: बाल सुधार गृह में फ्लू का प्रकोप, 20 बाल बंदी संक्रमित, एक ICU में भर्ती     |   दिल्ली पुलिस की कंपनियों को धारा 163 वाले इलाकों में कैब-फूड डिलीवरी रोकने की सलाह     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.237 अरब डॉलर हुआ     |   उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र तीन अगस्त से शुरू होगा     |   मंडी हाउस-सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट खुले, DMRC का X पोस्ट     |  

केरल में चाय विक्रेता ने घायल महिला को ढकने के लिए अपनी धोती दी, सोशल मीडिया पर सराहना

कोच्चि, 18 जून (भाषा) केरल में एक चाय विक्रेता के संवेदनशील और नि:स्वार्थ व्यवहार की व्यापक सराहना की जा रही है। सोशल मीडिया पर सामने आये सीसीटीवी फुटेज में चाय विक्रेता सड़क हादसे में घायल एक महिला को ढकने के लिए अपनी धोती देते हुए दिखाई दे रहा है।

यह घटना मंगलवार को यहां निकटवर्ती त्रिपुनिथुरा के स्टैच्यू जंक्शन पर हुई, जब एक महिला एक निजी बस के नीचे गिर गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। हादसे में उसके कपड़े फट गए थे।

सबसे पहले मदद के लिए आगे आने वालों में स्थानीय चाय विक्रेता एम. आर. शाजी भी शामिल थे। महिला को बस के नीचे से बाहर निकालने के दौरान उसके फटे कपड़े देख शाजी ने बिना देर किए अपनी धोती उतारकर महिला को दे दी ताकि वह खुद को ढक सके।

शाजी ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘बस के नीचे से निकालने के बाद चोटों के कारण वह अपने पैरों पर खड़ी नहीं हो पा रही थी। उसके कपड़े भी फट गए थे। इसलिए मैंने बिना दोबारा सोचे अपनी मुंडु (धोती) उसे दे दी, ताकि उसे सुरक्षित अस्पताल ले जाया जा सके। मुंडु बेल्ट से बंधी हुई थी, इसलिए एक मित्र की मदद से मैंने उसे उतारा।’’

सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड यह दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। लोगों ने कठिन परिस्थिति में महिला की गरिमा का सम्मान करने और त्वरित सूझबूझ दिखाने के लिए चाय विक्रेता की प्रशंसा की।

दुर्घटना ने प्रत्यक्षदर्शियों को झकझोर दिया, लेकिन शाजी का यह शांत और मानवीय व्यवहार दिन की सबसे यादगार तस्वीर बन गया। सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने इसे जरूरत के समय दिखाई गई मानवता और करुणा का उदाहरण बताया है।

शाजी के इस अप्रत्याशित कदम ने उनके इलाके से बाहर भी लोगों का दिल जीत लिया है और यह संदेश दिया है कि संकट की घड़ी में दया और संवेदनशीलता के छोटे-छोटे कार्य भी गहरा प्रभाव छोड़ सकते हैं।

भाषा मनीषा अमित

अमित