Breaking News

नकल माफिया सपा-कांग्रेस की देन: सीएम योगी     |   पटना में छात्रों का प्रोटेस्ट: तेज प्रताप को पटना पुलिस ने हिरासत में लिया     |   'पहले शिक्षा मंत्री को हटाओ, फिर होगी बात', राहुल गांधी ने मोदी सरकार को दिया अल्टीमेटम     |   क्या मुझे चरित्र प्रमाण पत्र लेने की जरूरत है कि मेरा उपवास पवित्र था: वांगचुक     |   हम न्यूक्लियर पावर की अगली पीढ़ी को बढ़ाने में कर रहे दुनिया का नेतृत्व: ट्रंप     |  

मथुरा में लेनदेन के विवाद में एक व्यक्ति की मौत, मामला दर्ज

मथुरा (उत्तर प्रदेश), 16 जून (भाषा) मथुरा जिले के कोसीकलां क्षेत्र में पुराने लेन-देन के बकाया पैसे की वसूली को लेकर दो पक्षों के बीच हुई झड़प में 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत के मामले में नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, मृतक कादिर कोसीकलां के मुस्लिम बहुल निकासा मोहल्ले का निवासी था।

कोसीकलां थाने प्रभारी कमलेश सिंह ने बताया कि सोमवार को निकासा मोहल्ले में शिकायतकर्ता राशिद के चचेरे भाई साइम की बारात की तैयारियां जारी थीं, इसी दौरान राशिद और उसके पड़ोसी नईम के बीच पुराने लेन-देन के बकाया पैसे की वसूली को लेकर विवाद हो गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि विवाद बढ़ते-बढ़ते गंभीर झड़प में बदल गया।

पुलिस को सूचना मिलने से पहले दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि पथराव के दौरान राशिद के पिता कादिर गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर फैलते ही इलाके में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

स्थिति बिगड़ती देख कोसीकलां थाना प्रभारी पड़ोसी थानों से अतिरिक्त पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रण में किया।

थाना प्रभारी ने कहा कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने नईम समेत नौ लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या और दंगा संबंधी प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

भाषा सं आनन्द जोहेब

जोहेब