नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी)के नवनियुक्त उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने मंगलवार को कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकताएं होंगी।
यहां जारी एक बयान के मुताबिक, उपाध्याय ने कहा, ‘‘भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और गलत तौर-तरीकों के खिलाफ कतई बर्दाश्त नहीं नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीजेबी राष्ट्रीय राजधानी में पानी और अवजल अवसंरचना को मजबूत करने के लिए मिशन के तहत काम कर रहा है।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता उपाध्याय के साथ-साथ विधायक मनोज कुमार शौकीन, अजय कुमार महावर और राजेश कुमार गोयल ने दिल्ली जल बोर्ड के सदस्य के तौर पर पदभार ग्रहण किया।
उपाध्याय ने कहा कि यमुना पुनर्जीवन योजना के तहत, दिल्ली सरकार ने दिसंबर 2028 तक अवजल क्षमता बढ़ाने और सभी अनधिकृत कॉलोनियों को सीवर नेटवर्क से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।
उन्होंने यह भी कहा कि ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखकर शुरू की गई ‘विलंब भुगतान उपकर माफी योजना’ से 4.6 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं को राहत मिली है और अब तक 637.01 करोड़ रुपये का राजस्व एकत्र हुआ है। यह योजना 15 अगस्त तक लागू रहेगी।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप