Breaking News

नकल माफिया सपा-कांग्रेस की देन: सीएम योगी     |   पटना में छात्रों का प्रोटेस्ट: तेज प्रताप को पटना पुलिस ने हिरासत में लिया     |   'पहले शिक्षा मंत्री को हटाओ, फिर होगी बात', राहुल गांधी ने मोदी सरकार को दिया अल्टीमेटम     |   क्या मुझे चरित्र प्रमाण पत्र लेने की जरूरत है कि मेरा उपवास पवित्र था: वांगचुक     |   हम न्यूक्लियर पावर की अगली पीढ़ी को बढ़ाने में कर रहे दुनिया का नेतृत्व: ट्रंप     |  

गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे 13 बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में लिए गए

चंडीगढ़, 16 जून (भाषा) गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे 13 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है और उन्हें वापस उनके देश भेजा जाएगा। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए गुरुग्राम पुलिस अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान और सत्यापन के लिए विशेष अभियान चला रही है।

उन्होंने कहा कि जिन व्यक्तियों के दस्तावेज संदिग्ध पाए जाएंगे या जो भारत में वैध निवास का प्रमाण प्रस्तुत करने में असफल रहेंगे, उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि यह अभियान गुरुग्राम के पुलिस उपायुक्त (अपराध) हितेश यादव के नेतृत्व में चलाया गया, जिसके तहत अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान निर्माण स्थलों और झुग्गी बस्तियों में कथित रूप से अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी मूल के लोगों की पहचान और सत्यापन किया गया।

गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि इस दौरान अवैध रूप से रह रहे 13 बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान की गई और उनके बांग्लादेशी नागरिकता से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए गए।

पुलिस पूछताछ में यह सामने आया कि ये लोग कथित तौर पर बांग्लादेशी एजेंटों की मदद से पश्चिम बंगाल के कालियागंज सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे और यहां मजदूरों के रूप में रह रहे थे।

पुलिस ने बताया कि इन बांग्लादेशी नागरिकों को उचित प्रक्रिया के तहत बांग्लादेश वापस भेजा जाएगा।

भाषा प्रचेता दिलीप

दिलीप