Breaking News

नकल माफिया सपा-कांग्रेस की देन: सीएम योगी     |   पटना में छात्रों का प्रोटेस्ट: तेज प्रताप को पटना पुलिस ने हिरासत में लिया     |   'पहले शिक्षा मंत्री को हटाओ, फिर होगी बात', राहुल गांधी ने मोदी सरकार को दिया अल्टीमेटम     |   क्या मुझे चरित्र प्रमाण पत्र लेने की जरूरत है कि मेरा उपवास पवित्र था: वांगचुक     |   हम न्यूक्लियर पावर की अगली पीढ़ी को बढ़ाने में कर रहे दुनिया का नेतृत्व: ट्रंप     |  

कच्छ में अपराधी से मुक्त कराई गई सरकारी जमीन पर बनेगा पुलिस थाना

कच्छ (गुजरात), 16 जून (भाषा) गुजरात के कच्छ जिले में एक अपराधी के कब्जे से लगभग 10,000 वर्ग मीटर सरकारी भूमि मुक्त कराई गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि इस भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए 'सहारा होटल' तथा अन्य ढांचों को ढहा दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक (कच्छ पूर्व) सागर बागमार ने बताया कि आडेसर क्षेत्र में राधनपुर-समाखियारी राजमार्ग के किनारे स्थित सरकारी भूमि के लगभग 10,000 वर्ग मीटर हिस्से को मुक्त कराया गया है, जिस पर कुख्यात अपराधी हारून अयूब हिंगोरजा ने अवैध कब्जा कर रखा था।

उन्होंने बताया कि पुलिस और जिला प्रशासन के संयुक्त अभियान के जरिए करोड़ों रुपये मूल्य की इस सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।

बागमार ने कहा कि मुक्त कराई गई भूमि पर नया पुलिस थाना स्थापित करने का प्रस्ताव राज्य सरकार और जिला कलेक्टर को भेजा गया था, जिसे मंजूरी मिल गई है।

उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने निर्देश दिया है कि अपराधियों से मुक्त कराई गई जमीनों और संपत्तियों का उपयोग जनहित के कार्यों में किया जाए तथा कानून प्रवर्तन संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए उनका लाभ उठाया जाए।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, गुजरात पुलिस आवासन बोर्ड जल्द ही इस भूमि पर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एक आधुनिक पुलिस थाने का निर्माण शुरू करेगा।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि राधनपुर-समाखियारी राजमार्ग पर रणनीतिक रूप से स्थित होने के कारण यह थाना पूर्वी कच्छ के प्रमुख प्रवेश द्वारों में से एक पर पुलिस व्यवस्था और सुरक्षा को मजबूत करेगा।

इसके अलावा, यह थाना राजमार्ग पर गश्त बढ़ाने, आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता में सुधार करने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के बेहतर रखरखाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

भाषा प्रचेता प्रशांत

प्रशांत