Breaking News

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया     |   नकल माफिया सपा-कांग्रेस की देन: सीएम योगी     |   पटना में छात्रों का प्रोटेस्ट: तेज प्रताप को पटना पुलिस ने हिरासत में लिया     |   'पहले शिक्षा मंत्री को हटाओ, फिर होगी बात', राहुल गांधी ने मोदी सरकार को दिया अल्टीमेटम     |   क्या मुझे चरित्र प्रमाण पत्र लेने की जरूरत है कि मेरा उपवास पवित्र था: वांगचुक     |  

बंगाल : भाजपा सरकार का पहला पूर्ण बजट 22 जून को पेश किया जाएगा

कोलकाता, 16 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार का पहला पूर्ण बजट 22 जून को विधानसभा में पेश किया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बसु की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बैठकों में आगामी बजट सत्र के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया।

सर्वदलीय बैठक और कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की बैठक के बाद घोषणा की गई कि बजट सत्र 18 जून को राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। इसे नयी सरकार की पहली बड़ी नीतिगत कवायद माना जा रहा है।

संसदीय कार्य मंत्री शंकर घोष और संसदीय कार्य राज्य मंत्री उमेश राय ने बैठकों के बाद सत्र के कार्यक्रम की जानकारी दी।

राज्यपाल आर एन रवि 18 जून को पूर्वाह्न 11 बजे विधानसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद अभिभाषण की प्रमाणित प्रति सदन के पटल पर रखी जाएगी तथा धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया जाएगा।

उन्नीस जून को सुबह 11 बजे विधानसभा की बैठक होगी, जिसमें दिवंगत मशहूर हस्तियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

सत्र का प्रमुख आकर्षण 22 जून को होगा, जब वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता वर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक वित्तीय विवरण (बजट) दोपहर 12 बजे सदन में पेश करेंगे।

शुभेंदु अधिकारी सरकार के पहले बजट के रूप में इसे अगले पांच वर्षों के लिए सरकार की आर्थिक प्राथमिकताओं और शासन की रूपरेखा का संकेतक माना जा रहा है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, बजट में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, आधारभूत संरचना विस्तार, कृषि और वित्तीय पुनरुद्धार जैसे क्षेत्रों पर विशेष जोर दिए जाने की संभावना है।

सदन में 23 और 24 जून को राज्यपाल के अभिभाषण, जनमहत्व के मुद्दों और आम बजट पर चर्चा होगी। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।

पच्चीस जून को बजट पर चर्चा जारी रहेगी तथा विभिन्न विभागों की अनुदान मांगों पर भी विचार किया जाएगा।

इसके बाद सदन को संक्षिप्त अवकाश के लिए स्थगित कर दिया जाएगा और सत्र का दूसरा चरण छह जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होगा।

भाषा राखी शफीक

शफीक