Breaking News

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया     |   नकल माफिया सपा-कांग्रेस की देन: सीएम योगी     |   पटना में छात्रों का प्रोटेस्ट: तेज प्रताप को पटना पुलिस ने हिरासत में लिया     |   'पहले शिक्षा मंत्री को हटाओ, फिर होगी बात', राहुल गांधी ने मोदी सरकार को दिया अल्टीमेटम     |   क्या मुझे चरित्र प्रमाण पत्र लेने की जरूरत है कि मेरा उपवास पवित्र था: वांगचुक     |  

धर्मस्थल मामले की जांच कर रही एसआईटी के चार सदस्य सड़क हादसे में घायल

मंगलुरु (कर्नाटक), 16 जून (भाषा) कर्नाटक के धर्मस्थल में कथित हत्याओं, दुष्कर्मों और शवों को दफनाने के आरोपों की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) के चार सदस्य मंगलवार को उस समय घायल हो गए जब उनका वाहन दक्षिण कन्नड़ जिले में कथित तौर पर अनियंत्रित होकर पलट गया।

पुलिस ने बताया कि एसआईटी के वरिष्ठ अधिकारी एक एमयूवी वाहन में सवार थे। यह दुर्घटना चरमाडी घाट पर उस समय हुई जब वाहन दक्षिण कन्नड़ जिले के बेलथांगडी स्थित एसआईटी कार्यालय से चिक्कमगलुरु जा रहा था।

टीम धर्मस्थल में संदिग्ध मौतों और अवैध रूप से शवों को दफनाने के दावों की जांच के सिलसिले में चिक्कमगलुरु जिले के जांच अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार दयामा से मिलने जा रही थी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन सड़क से उतर गया और तटबंध से टकरा कर पलट गया। दुर्घटना में वाहन को काफी नुकसान पहुंचा।

घायलों में एसआईटी के पुलिस अधीक्षक सी. ए. सीमोन, निरीक्षक कुसुमाधर, पुलिस कांस्टेबल पी. सी. मंजूनाथ शामिल हैं।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी ने कहा कि सभी की हालत स्थिर है, हालांकि उन्हें चोटें आई हैं।

अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में बेलथांगडी यातायात थाने में मामला दर्ज किया गया है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है, जिसमें सड़क की स्थिति, वाहन की गति और मौसम जैसे संभावित कारकों की पड़ताल शामिल है।

भाषा

प्रचेता शफीक

शफीक