Breaking News

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया     |   नकल माफिया सपा-कांग्रेस की देन: सीएम योगी     |   पटना में छात्रों का प्रोटेस्ट: तेज प्रताप को पटना पुलिस ने हिरासत में लिया     |   'पहले शिक्षा मंत्री को हटाओ, फिर होगी बात', राहुल गांधी ने मोदी सरकार को दिया अल्टीमेटम     |   क्या मुझे चरित्र प्रमाण पत्र लेने की जरूरत है कि मेरा उपवास पवित्र था: वांगचुक     |  

झारखंड में अलग-अलग घटनाओं में दो बुजुर्गों की पीटकर हत्या

गोड्डा/गुमला, 16 जून (भाषा) झारखंड के गुमला और गोड्डा जिलों में अलग-अलग घटनाओं में दो बुजुर्गों की पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि गुमला जिले में हुई घटना कथित रूप से जादू-टोना करने के संदेह से जुड़ी है, जबकि गोड्डा जिले की घटना दो परिवारों के बीच विवाद का परिणाम बताई जा रही है।

पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, गुमला जिले में मंगलवार तड़के 70 वर्षीय एक व्यक्ति खेत की ओर शौच के लिए जा रहा था, तभी एक व्यक्ति ने जादू-टोना के शक में लाठी से बुजुर्ग के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

यह घटना जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के छट्टी पात्रा टोली गांव में हुई। मृतक की पहचान गांव के ही निवासी धना ओरांव (70) के रूप में की गई है।

घाघरा थाने के प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने कहा, ‘‘इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान छोटू ओरांव (38) के रूप में हुई है। उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि जादू-टोना करने के संदेह में उसने धना ओरांव पर हमला किया था।’’

वहीं, गोड्डा जिले में ठाकुर गंगटी थाना क्षेत्र के बनियाडीह गांव में सोमवार रात कुछ लोगों ने 65 वर्षीय एक व्यक्ति की पीटकर हत्या कर दी तथा उसकी पत्नी को घायल कर दिया।

मृतक की पहचान गांव के निवासी मणिलाल मंडल के रूप में हुई है।

ठाकुर गंगटी थाना प्रभारी राजन कुमार राम ने बताया, ‘‘पड़ोसियों द्वारा लाठियों से पीटे जाने के बाद उपचार के दौरान अस्पताल में मणिलाल की मौत हो गई। खेत में मवेशी चराने को लेकर उनका पड़ोसियों के साथ विवाद चल रहा था। सोमवार रात तीन-चार लोग मणिलाल के घर में घुस आए और उनकी पिटाई की। इस घटना में उनकी पत्नी भी घायल हो गई, जिसका उपचार चल रहा है।’’

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मणिलाल के बेटे पीकू मंडल के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

भाषा रवि कांत रवि कांत शफीक

शफीक