Breaking News

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया     |   नकल माफिया सपा-कांग्रेस की देन: सीएम योगी     |   पटना में छात्रों का प्रोटेस्ट: तेज प्रताप को पटना पुलिस ने हिरासत में लिया     |   'पहले शिक्षा मंत्री को हटाओ, फिर होगी बात', राहुल गांधी ने मोदी सरकार को दिया अल्टीमेटम     |   क्या मुझे चरित्र प्रमाण पत्र लेने की जरूरत है कि मेरा उपवास पवित्र था: वांगचुक     |  

मसूरी के होमस्टे में दिल्ली की महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच जारी

देहरादून, 16 जून (भाषा) गुरुग्राम की एक सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी में काम करने वाली 27 वर्षीय महिला मसूरी-धनौल्टी रोड पर एक होमस्टे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

महिला की पहचान दिल्ली के किदवई नगर पूर्व की निवासी पी. राधा गायत्री के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, गायत्री रविवार देर रात अपने पति सौम्य श्रीचरण के साथ टिपरीधार स्थित ‘कियाना होमस्टे’ पहुंची थी। श्रीचरण पुणे में एक आईटी कंपनी में काम करता है। पुलिस और मृतका के परिजनों के मुताबिक, दोनों सोमवार को श्रीचरण का जन्मदिन मनाने के लिए वहां आए थे।

सोमवार सुबह मसूरी पुलिस को होमस्टे में एक महिला के अचेत अवस्था में होने की सूचना मिली। तुरंत एक एम्बुलेंस भेजी गई और एम्बुलेंस सेवा से जुड़े एक ‘फार्मासिस्ट’ ने महिला की जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया।

शुरुआती जांच से पता चला है कि दंपति 13 जून को ऋषिकेश पहुंचा और इसके बाद रविवार रात करीब 11.30 बजे होमस्टे में ‘चेक-इन’ किया था।

पति श्रीचरण ने पुलिस को बताया कि दोनों ने रात में शराब पी थी और तड़के करीब साढ़े तीन बजे सोने चले गए। उसने दावा किया कि जब वह जागा, तो उसने अपनी पत्नी को अचेत पाया और उसकी नाक से खून बह रहा था व वहां पेशाब फैला हुआ था।

पुलिस ने बताया कि दंपति की शादी आठ नवंबर 2025 को हुई थी और दोनों के परिवार मूल रूप से विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) के रहने वाले हैं।

पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘महिला का शव फर्श पर निर्वस्त्र अवस्था में मिला और चादर पर खून के धब्बे थे। कमरे से शराब की दो खाली बोतलें और खाने-पीने का सामान बरामद किया गया है।’’

मृतका के पिता पी. सुधाकर ने अपनी बेटी की मौत की परिस्थितियों की जांच की मांग करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

मंगलवार को देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल में चिकित्सकों के एक पैनल द्वारा महिला के शव का पोस्टमार्टम किया गया, जिसका वीडियो भी बनाया गया।

क्षेत्राधिकारी (सीओ) जगदीश चंद्र पंत ने बताया कि शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर बाहरी चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं।

पंत ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, 'मौत के असली कारण का पता लगाने के लिए महिला का विसरा सुरक्षित रखा गया है।'

उन्होंने कहा कि विस्तृत पोस्टमार्टम और विसरा जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।

भाषा सुमित पवनेश

पवनेश