Breaking News

प्रदर्शनकारियों पर दिल्ली समेत सभी बीजेपी शासित राज्यों में दर्ज FIR रद्द होंगी: CJP     |   सुसाइड करने वाले छात्रों को नियम के हिसाब से मुआवजा मिलेगा: जेपी नड्डा     |   कॉकरोच जनता पार्टी ने धरना प्रदर्शन खत्म करने का ऐलान किया, बोले- सरकार ने तीनों मांग मानी     |   सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल न हो: दिल्ली पुलिस     |   युवा शक्ति को कुचक्र में नहीं फंसने देंगे: इस्तीफे देकर बोले धर्मेंद्र प्रधान     |  

भारत की एकदिवसीय टीम में रोहित की मौजूदगी बेहद महत्वपूर्ण: बहुतुले

लखनऊ, 16 जून (भाषा) स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने मंगलवार को कहा कि रोहित शर्मा भारतीय एकदिवसीय टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य हैं और इसका कारण सिर्फ बल्लेबाजी नहीं बल्कि उनकी नेतृत्वक्षमता और अनुभव भी है जिसका कप्तान शुभमन गिल पर अच्छा असर पड़ता है।

पिछले साल रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से ही एकदिवसीय प्रारूप में रोहित का भविष्य और 2027 विश्व कप के लिए उनकी तैयारी चर्चा का विषय रही है।

इस प्रारूप में रोहित का प्रदर्शन हाल के दिनों में अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने अपनी पिछली चार एकदिवसीय पारियों में सिर्फ 77 रन बनाए हैं।

अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय से पहले बहुतुले ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘रोहित शर्मा एक अनुभवी खिलाड़ी हैं, वह एक चैंपियन क्रिकेटर हैं। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपने अनुभव से टीम को फायदा पहुंचाते हैं - ना सिर्फ बल्लेबाजी के मामले में बल्कि उनकी नेतृत्वक्षमता का असर भी सभी खिलाड़ियों और शुभमन पर पड़ता है।’’

बहुतुले ने कहा कि इतनी उपलब्धियों के बावजूद खेल के प्रति रोहित की समझ और लगातार बेहतर करने का जज्बा कम नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘‘टीम में उनका होना निश्चित रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो हर मैच को समझते हैं और जानते हैं कि उनसे और टीम से क्या उम्मीद की जाती है।’’

बहुतुले ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि वह हर मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और जिस तरह से मेहनत कर रहे हैं, ऐसा लगता है जैसे उन्होंने अभी-अभी खेलना शुरू किया हो।’’

अफगानिस्तान के खिलाफ पहले एकदिवसीय में जल्दी आउट होने वाले रोहित ने दूसरे मैच से एक दिन पहले यहां नेट्स में जमकर अभ्यास किया।

भाषा सुधीर

सुधीर