राजौरी/जम्मू, 16 जून (भाषा) जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास मंगलवार को दुर्घटनावश हुए एक धमाके में जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) समेत सेना के चार जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि नौशेरा सेक्टर के अग्रिम कलाल इलाके में सेना के जवानों की क्षेत्र नियंत्रण गश्त के दौरान एक बारूदी सुरंग के अचानक सक्रिय हो जाने से यह धमाका हुआ।
उन्होंने बताया कि धमाके में एक जेसीओ और तीन सैनिक घायल हो गए जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने कहा कि घुसपैठ-रोधी अभियान के तहत अग्रिम इलाकों में बारूदी सुरंग बिछाई जाती हैं, जो कभी-कभी बारिश से प्रभावित हो जाती हैं, जिससे ऐसे हादसे होते हैं।
भाषा
राखी पवनेश
पवनेश