शिमला, 16 जून (भाषा) शिमला के संजौली क्षेत्र में एक स्कूल प्रशासक की कथित हत्या के मामले में दो पेशेवर शूटर को हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शिमला के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अभिषेक धीमन ने बताया कि हरियाणा के झज्जर निवासी आशीष अहलावत (22) और रोहतक निवासी दीपक (25) को शनिवार शाम मीनाक्षी मित्तल की हत्या के 39 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी पेशेवर शूटर हैं और इस वारदात को अंजाम देने के लिए हरियाणा से शिमला आए थे।
एएसपी ने बताया कि वे हरियाणा की पंजीकरण संख्या वाली कार से शिमला पहुंचे थे, लेकिन पुलिस को गुमराह करने के लिए उन्होंने वाहन की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर उस पर हिमाचल प्रदेश का नंबर लगा दिया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 13 जून की शाम देसी तमंचे से मीनाक्षी मित्तल पर कई गोलियां चलाईं और फरार हो गए। पुलिस नाकों से बचने के लिए उन्होंने संपर्क मार्गों का इस्तेमाल किया और शिमला से हरियाणा भाग निकले।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके अलावा डिजिटल एवं तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया और चश्मदीदों से भी पूछताछ की गई।
एएसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम का गठन किया गया और हिमाचल प्रदेश व हरियाणा में छापे मारे गए। दोनों आरोपियों को सोमवार सुबह रोहतक से गिरफ्तार कर लिया गया और आगे की पूछताछ के लिए उन्हें शिमला लाया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त दो देसी तमंचे भी बरामद किए गए हैं।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा