Breaking News

दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट अब खुल गए हैं     |   कनॉट प्लेस में मोबाइल इंटरनेट सेवा बहाल हुई     |   केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है     |   'उसको तो जाना ही था ये हिंदुस्तान के भविष्य की जीत है...', धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले राहुल गांधी     |   CJP का धरना खत्म, युवा जंतर-मंतर के आसपास से बाहर निकलने लगे     |  

दिल्ली: साइबर जालसाजों को 'म्यूल' खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 10 आरोपी गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने देश भर में साइबर अपराधियों को 'म्यूल' ( कमीशन पर मिलने वाले ) बैंक खाते उपलब्ध करने में शामिल एक बड़े संगठित गिरोह का भंडाफोड़ कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजीव कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई केरल की रहने वाली एक महिला से हुई दो लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी की शिकायत की जांच के दौरान की गई।

उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि धोखाधड़ी की रकम एक खाते में जमा की गई थी, जिसका इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी के पैसों के लेनदेन के लिए हो रहा था।

कुमार ने बताया कि इस गिरोह को पकड़ने के लिए एक टीम का गठन किया गया जिसने वित्तीय और तकनीकी विश्लेषण के जरिये इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी बेरोजगार और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को नौकरी का झांसा देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद आरोपी उनके एटीएम कार्ड, चेक बुक, पंजीकृत मोबाइल नंबर और इंटरनेट बैंकिंग संबंधी जानकारी अपने कब्जे में ले लेते थे और इन्हें साइबर अपराधियों को दे देते थे।

डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय कुमार, प्रदीप कुमार, यतेंद्र कुमार, मुकेश, विनेश, गुरबाज सिंह, अमन, सूरज यादव, गौरव नाहर और लक्ष्मण के रूप में हुई है।

कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 पीओएस मशीनें, विभिन्न बैंकों की 27 चेक बुक, 17 एटीएम कार्ड और 12 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में शामिल अन्य साइबर अपराधियों और लाभार्थियों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान खारी मनीषा

मनीषा