Breaking News

दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट अब खुल गए हैं     |   कनॉट प्लेस में मोबाइल इंटरनेट सेवा बहाल हुई     |   केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है     |   'उसको तो जाना ही था ये हिंदुस्तान के भविष्य की जीत है...', धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले राहुल गांधी     |   CJP का धरना खत्म, युवा जंतर-मंतर के आसपास से बाहर निकलने लगे     |  

टीसीएस पहली तिमाही में सात करोड़ डॉलर का अतिरिक्त प्रावधान करेगी

नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में अतिरिक्त सात करोड़ अमेरिकी डॉलर का प्रावधान करेगी।

अमेरिकी उच्चतम न्यायालय के कंप्यूटर साइंसेज कॉर्पोरेशन (अब डीएक्ससी टेक्नोलॉजी का हिस्सा) के साथ कानूनी विवाद में निचली अदालत के फैसले की समीक्षा करने से इनकार करने के बाद कंपनी ने यह फैसला किया है।

टीसीएस ने मंगलवार को बीएसई को दी गई सूचना में बताया कि उसने इस मामले के लिए पहले ही लागू लेखा मानकों के अनुसार 15 करोड़ डॉलर का प्रावधान किया हुआ है।

कंपनी ‘‘ अब सात करोड़ अमेरिकी डॉलर की अतिरिक्त राशि का प्रावधान करेगी जो हर्जाना, ब्याज और कानूनी लागत के रूप में एक बार के असाधारण खर्च के तौर पर वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में दर्ज किया जाएगा। ’’

टीसीएस ने जून 2024 और नवंबर 2025 को शेयर बाजार को दी सूचना में इस मुकदमे का खुलासा किया था।

कंप्यूटर साइंसेज कॉरपोरेशन/डीएक्ससी टेक्नोलॉजी द्वारा दायर मुकदमे पर अद्यतन देते हुए टीसीएस ने मंगलवार को बताया कि अमेरिकी उच्चतम न्यायालय ने निचली अदालत के फैसले की समीक्षा करने से इनकार कर दिया है।

कंपनी ने कहा, ‘‘ ...14 जून 2024 और...22 नवंबर 2025 की हमारी पूर्व सूचना के क्रम में, हम आपको सूचित करना चाहते हैं कि अमेरिका के उच्चतम न्यायालय ने 15 जून 2026 को इस मामले में ‘यूनाइटेड स्टेट्स कोर्ट ऑफ अपील्स फॉर द फिफ्थ सर्किट’ के निर्णय की समीक्षा के लिए हमारी याचिका को खारिज कर दिया है।’’

इससे पहले ‘यूएस कोर्ट ऑफ अपील्स फॉर द फिफ्थ सर्किट’ ने 19.42 करोड़ डॉलर के हर्जाने के आदेश को बरकरार रखते हुए कंप्यूटर साइंसेज कॉरपोरेशन के पक्ष में फैसला दिया था। यह मामला व्यापारिक रहस्यों से जुड़ा है।

भाषा निहारिका

निहारिका