Breaking News

दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट अब खुल गए हैं     |   कनॉट प्लेस में मोबाइल इंटरनेट सेवा बहाल हुई     |   केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है     |   'उसको तो जाना ही था ये हिंदुस्तान के भविष्य की जीत है...', धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले राहुल गांधी     |   CJP का धरना खत्म, युवा जंतर-मंतर के आसपास से बाहर निकलने लगे     |  

दिल्ली के दयालपुर में एक व्यक्ति की हत्या, दुश्मनी सहित कई पहलुओं की पुलिस कर रही जांच

नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस यहां दयालपुर इलाके में 40 वर्षीय शख्स की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले की दुश्मनी सहित कई कोणों से जांच कर रही है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक सोमवार शाम को पीड़ित को कई गोलियां मारी गईं थीं जिसके बाद उसे गंभीर हालत में जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस घटना से संबंधित एक कथित वीडियो सामने आया है, जिसमें तीन लोग मोटरसाइकिल पर आते हुए दिख रहे हैं और उनमें से दो ने हेलमेट पहना हुआ है। वीडियो में तीनों को गाड़ी से उतर कर पीड़ित पर गोलियां चलाते और फिर वहां से भागते हुए देखा जा सकता है।

पुलिस ने बताया था कि उत्तर पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में सोमवार शाम तीन हमलावरों ने एक व्यक्ति की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना शाम करीब 6:10 बजे दयालपुर थाने को दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद फॉरेंसिक दल ने अपराध स्थल का निरीक्षण कर वहां से साक्ष्य एकत्र किए हैं। इस संबंध में दयालपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल सवारों की पहचान करने के लिए इलाके की सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

पुलिस हत्या के कारणों को लेकर दुश्मनी समेत कई पहलुओं की जांच कर रही है।

भाषा नोमान शोभना

शोभना