Breaking News

दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट अब खुल गए हैं     |   कनॉट प्लेस में मोबाइल इंटरनेट सेवा बहाल हुई     |   केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है     |   'उसको तो जाना ही था ये हिंदुस्तान के भविष्य की जीत है...', धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले राहुल गांधी     |   CJP का धरना खत्म, युवा जंतर-मंतर के आसपास से बाहर निकलने लगे     |  

जबलपुर में ट्रक की टक्कर से पिता-पुत्र की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल

जबलपुर (मध्यप्रदेश), 16 जून (भाषा) जबलपुर में एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी, जिससे दोपहिया वाहन पर सवार एक व्यक्ति और उसके पांच वर्षीय पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा सोमवार को बरगी थाना क्षेत्र में जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नर्मदा पुल पर हुआ। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

बरगी नगर पुलिस अधीक्षक अंजुल अयंक मिश्रा ने बताया कि मृतकों की पहचान छोटेलाल उइके (35) और उनके पांच वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि छोटेलाल उइके अपनी पत्नी अनीता उइके और बेटे के साथ मोटरसाइकिल से बरेला से चरगवां सगड़ा गांव लौट रहे थे तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

मिश्रा ने कहा कि गंभीर रूप से घायल अनीता उइके को जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है।

मिश्रा ने कहा कि पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

भाषा सं ब्रजेन्द्र शोभना खारी

खारी