Breaking News

दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट अब खुल गए हैं     |   कनॉट प्लेस में मोबाइल इंटरनेट सेवा बहाल हुई     |   केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है     |   'उसको तो जाना ही था ये हिंदुस्तान के भविष्य की जीत है...', धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले राहुल गांधी     |   CJP का धरना खत्म, युवा जंतर-मंतर के आसपास से बाहर निकलने लगे     |  

राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम में छात्रों को शामिल होने से रोक रही है भाजपा: अशोक गहलोत

जयपुर, 15 जून (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्न पत्र लीक मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कोटा में प्रस्तावित संवाद कार्यक्रम में छात्रों को शामिल होने से रोकने की कोशिश कर रही है।

गहलोत ने दावा किया कि 17 जून को प्रस्तावित इस कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं में बड़ा जोश है एवं बड़ी संख्या में छात्र इस कार्यक्रम में शामिल होना चाहते हैं।

इस कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कथित नीट प्रश्न पत्र लीक प्रकरण से जुड़े मुद्दों पर छात्रों से बातचीत करेंगे।

गहलोत ने एक बयान में आरोप लगाया, ‘‘इस कार्यक्रम को लेकर युवाओं के उत्साह को देखकर भाजपा पूरी तरह बौखला गई है और कोटा सांसद एवं लोकसभा अध्यक्ष (ओम बिरला) के कार्यालय से फोन कर कोचिंग संस्थान, पेइंग गेस्ट व गेस्ट हाउस संचालकों को धमकाया जा रहा है कि उनके यहां से कोई विद्यार्थी इस कार्यक्रम में न जाए।’’

उन्होंने इस कथित प्रयास की निंदा करते हुए कहा, ‘‘लोकसभा अध्यक्ष जैसे गरिमामयी पद पर विराजमान व्यक्ति को ऐसी सोच नहीं रखनी चाहिए। विद्यार्थियों के साथ नेता प्रतिपक्ष, लोकसभा के संवाद की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को रोकने का ऐसा प्रयास निंदनीय है।’’

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी 17 जून को कोटा का दौरा करेंगे। यह दौरा कांग्रेस के प्रश्न पत्र लीक, बेरोजगारी और छात्रों व युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर केंद्रित अभियान का हिस्सा है।

इस आरोप पर लोकसभा अध्यक्ष (ओम बिरला) के कार्यालय की ओर से तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

भाषा पृथ्वी सुरभि

सुरभि