Breaking News

दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट अब खुल गए हैं     |   कनॉट प्लेस में मोबाइल इंटरनेट सेवा बहाल हुई     |   केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है     |   'उसको तो जाना ही था ये हिंदुस्तान के भविष्य की जीत है...', धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले राहुल गांधी     |   CJP का धरना खत्म, युवा जंतर-मंतर के आसपास से बाहर निकलने लगे     |  

बिजली के खंभों के लिए जमीन अधिग्रहण के विरोध में किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकाला

अहमदाबाद, 15 जून (भाषा) बिजली के खंभे लगाने के लिए सरकार द्वारा भूमि अधिग्रहण किये जाने का विरोध करने और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को गुजरात के सैकड़ों किसानों ने अहमदाबाद से गांधीनगर तक ट्रैक्टर रैली निकाली।

कांग्रेस पार्टी और कई किसान संघों द्वारा आयोजित 'किसान अधिकार यात्रा' सोमवार को अहमदाबाद के शांतिपुरा चौकड़ी से शुरू हुई। ट्रैक्टरों के एक बड़े काफिले के साथ यह रैली राज्य की राजधानी गांधीनगर की ओर बढ़ी।

इस दौरान कई किसान विरोध के प्रतीक के रूप में अपने साथ हल लेकर पहुंचे। इस बीच, आम आदमी पार्टी (आप) भी किसानों के समर्थन में इस रैली में शामिल हो गई।

गांधीनगर पहुंचने पर वहां किसानों की एक बैठक का आयोजन किया गया।

कांग्रेस विधायक तुषार चौधरी ने कहा कि किसानों की कई मांगें हैं, जिनमें कर्ज माफी, न्यूनतम समर्थन मूल्य का भुगतान और निजी बिजली कंपनियों द्वारा किसानों को भरोसे में लिए बिना और उचित मुआवजा दिए बिना उनके खेतों में मनमाने ढंग से बिजली के खंभे लगाने पर रोक लगाना शामिल है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने दावा किया कि राज्य में किसान बदतर परिस्थितियों में हैं तथा उनका शोषण हो रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया, ' भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करते हैं। हालांकि, आज अदाणी और अन्य कंपनियों के बिजली के खंभे किसानों के खेतों में जबरन लगाए जा रहे हैं।'

उन्होंने आरोप लगाया कि जब किसान मुआवजे या फसल के नुकसान की भरपाई की मांग करते हैं, तो पुलिस उन्हें पीटती है और महिलाओं पर अत्याचार किए जाते हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा, विधायक तुषार चौधरी, लोकसभा सदस्य गेनीबेन ठाकोर, सेवा दल के अध्यक्ष लालजी देसाई तथा कांग्रेस के कई नेता रैली में शामिल हुए।

भाषा

प्रचेता सुभाष

सुभाष