बलरामपुर, 15 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर विपक्ष के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों से विपक्ष के सांसद और विधायक निर्वाचित हैं, वहां विकास कार्यों की उपेक्षा की जा रही है।
समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक राकेश यादव के धरना-प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे पांडेय ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री अपने दल के विधायकों को विधायक निधि के तहत पांच करोड़ रुपये देते हैं, जबकि विपक्ष के विधायकों को केवल एक करोड़ रुपये मिलते हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार विपक्ष से इतनी भयभीत है कि विरोध-प्रदर्शन तक नहीं करने देती।
सपा नेता ने कहा, ‘‘यदि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाया जाएगा, तो लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो जाएगी।’’
केंद्र में भाजपा नीत सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर टिप्पणी करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस अवधि में न तो बेरोजगारी कम हुई, न युवाओं को पर्याप्त रोजगार मिला और न ही किसानों की आय दोगुनी हुई।
उन्होंने कहा, ‘‘इन 12 वर्षों में किसानों और युवाओं की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।’’ साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों का लाभ चुनिंदा उद्योगपतियों को मिला है।
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पांडेय ने कहा कि इसकी उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
विदेश में हुई एक घटना में भारतीय नागरिकों की मौत का उल्लेख करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए और कहा कि ऐसे मामलों में भारत को अपने नागरिकों के हितों की मजबूती से रक्षा करनी चाहिए।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत