Breaking News

दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट अब खुल गए हैं     |   कनॉट प्लेस में मोबाइल इंटरनेट सेवा बहाल हुई     |   केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है     |   'उसको तो जाना ही था ये हिंदुस्तान के भविष्य की जीत है...', धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले राहुल गांधी     |   CJP का धरना खत्म, युवा जंतर-मंतर के आसपास से बाहर निकलने लगे     |  

‘री-नीट’ का प्रश्नपत्र दिलाने का झांसा देने और छात्रों का फीस रिफंड हड़पने वाले तीन लोग गिरफ्तार

अहमदाबाद, 15 जून (भाषा) अहमदाबाद पुलिस ने दोबारा आयोजित होने वाली नीट (री-नीट) परीक्षा का प्रश्नपत्र दिलाने का झांसा देने और नीट उम्मीदवारों के खाते हैक कर उन्हें वापस मिलने वाले परीक्षा शुल्क को हड़पने के आरोप में अलग-अलग मामलों में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान के कोटा से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने टेलीग्राम चैनलों के माध्यम से आगामी 21 जून को फिर से आयोजित होने वाली नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का वादा करके छात्रों से धोखाधड़ी की थी।

पुलिस द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपियों ने 'प्राइवेट माफिया' के नाम से आठ टेलीग्राम चैनल बनाए थे और कथित तौर पर यह झूठा दावा करते हुए विज्ञापन प्रसारित किए थे कि उनके पास दोबारा आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र हैं और वे इसे उपलब्ध करा सकते हैं।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि उनके विभिन्न बैंक खातों से करीब 1.5 करोड़ रुपये का लेनदेन होने का पता चला है।

इस मामले में जयपुर निवासी सुमेर सिंह मीणा और कोटा निवासी आकाश मीणा को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि वे टेलीग्राम चैनलों के जरिए निवेश से जुड़े प्रस्तावों को बढ़ावा देने और बहुत अधिक मुनाफा देने का लालच देने में भी शामिल थे।

दूसरे मामले में, बिहार के गयाजी निवासी नवीन यादव ने कथित तौर पर कमजोर पासवर्ड का फायदा उठाकर नीट पोर्टल पर करीब 150 उम्मीदवारों के खातों तक पहुंच हासिल कर ली। इसके बाद उसने तीन मई को हो चुकी मूल नीट परीक्षा के रद्द होने के बाद सरकार द्वारा वापस (रिफंड) की जा रही परीक्षा शुल्क की राशि को अपने खातों में स्थानांतरित कर लिया।

अहमदाबाद के ही एक निवासी ने साइबर अपराध पुलिस थाने में अपनी बेटी का नीट पासवर्ड चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।

यादव ने कथित तौर पर करीब 350 खातों को निशाना बनाया और उनमें से लगभग 150 खातों को हैक करने में सफल रहा।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद उसने इन उम्मीदवारों द्वारा दिए गए बैंक विवरण को हटाकर अपने बैंक खाते की जानकारी डाल दी, ताकि रीफंड की राशि उसके खाते में जमा हो जाए।

अधिकारियों ने बताया कि मामलों की जांच जारी है।

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप