Breaking News

दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट अब खुल गए हैं     |   कनॉट प्लेस में मोबाइल इंटरनेट सेवा बहाल हुई     |   केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है     |   'उसको तो जाना ही था ये हिंदुस्तान के भविष्य की जीत है...', धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले राहुल गांधी     |   CJP का धरना खत्म, युवा जंतर-मंतर के आसपास से बाहर निकलने लगे     |  

तमिलनाडु में तीन साल की बच्ची के यौन उत्पीड़न के आरोप में प्रवासी मजदूर गिरफ्तार

चेन्नई, 15 जून (भाषा) तिरुवल्लूर जिले के गुमिडीपुंडी के पास तीन साल की बच्ची का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में बिहार के 19 वर्षीय एक प्रवासी मजदूर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पीड़िता बिहार के ही रहने वाले प्रवासी मजदूर दंपत्ति की बेटी थी और सोमवार सुबह यहां के सरकारी स्टेनली अस्पताल में गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

स्थानीय पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह घटना रविवार रात गुमिडीपुंडी उपसंभाग के सिपकॉट थाना क्षेत्र में हुई। आरोप है कि बच्ची जब अपने घर के पास खेल रही थी, तब आरोपी उसे चॉकलेट दिलाने के बहाने बहला-फुसलाकर दूर ले गया और एक सुनसान जगह पर उसका यौन उत्पीड़न किया।

पुलिस के मुताबिक, वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने यह देखा और तुरंत शोर मचाया, जिससे स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और भाग रहे आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि उसे सिपकॉट पुलिस टीम को सौंप दिया गया और औपचारिक रूप से हिरासत में ले लिया गया।

सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में तिरुवल्लूर जिला पुलिस ने गिरफ्तारी की पुष्टि की और बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि इस अपराध में सिर्फ एक व्यक्ति शामिल था।

अधिकारिक के बयान में कहा गया, 'सूचना मिली थी कि गुमिडीपुंडी उपसंभाग के सिपकॉट थाना क्षेत्र में एक बच्ची का यौन उत्पीड़न हुआ। तुरंत मामला दर्ज किया गया और शुरुआती जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।'

पुलिस ने पुष्टि की कि आरोपी और पीड़िता दोनों बिहार के रहने वाले हैं। उसने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

पुलिस ने आरोपी पर कानून की संबंधित धाराओं के साथ-साथ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के कड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।

आरोपी को औपचारिक न्यायिक रिमांड के लिए स्थानीय अदालत में पेश किया गया है।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप