Breaking News

दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट अब खुल गए हैं     |   कनॉट प्लेस में मोबाइल इंटरनेट सेवा बहाल हुई     |   केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है     |   'उसको तो जाना ही था ये हिंदुस्तान के भविष्य की जीत है...', धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले राहुल गांधी     |   CJP का धरना खत्म, युवा जंतर-मंतर के आसपास से बाहर निकलने लगे     |  

रेलवे गार्ड की मुस्तैदी से बिहार में टला बड़ा हादसा; ट्रेन का पहिया गर्म होने पर किया था सतर्क

नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) बिहार में एक मालगाड़ी के गार्ड की सतर्कता से एक बड़ा रेल हादसा टल गया। गार्ड ने बगल की पटरी से गुजर रही एक अन्य मालगाड़ी के अत्यधिक गर्म हो चुके पहिए से धुआं निकलता देखकर स्टेशन मास्टर को सूचना दी थी।

यह घटना 13 जून को अपराह्न 2:40 बजे की है, जब ट्रेन मैनेजर (गार्ड) राकेश कुमार दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से सासाराम (हावड़ा की दिशा में) जा रही अपनी खाली मालगाड़ी के संचालन की देखरेख कर रहे थे।

इसी दौरान, उन्होंने 'मालगाड़ियों के विशेष मार्ग' (डीएफसी) पर विपरीत दिशा में जा रही एक अन्य मालगाड़ी के पहियों से धुआं निकलते देखा।

'ऑल इंडिया गार्ड्स काउंसिल' के पूर्व महासचिव एस पी सिंह ने बताया कि पहियों के गर्म होने को इंगित करने वाला उपकरण भी दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से लगभग 70 किलोमीटर दूर न्यू कुंद्रा की ओर जा रही मालगाड़ी में सामने आई इस समस्या का संकेत देने में विफल रहा।

उन्होंने बताया उस समय बारिश हो रही थी और ऐसे उपकरण इस दौरान पहिए की खराबी का पता लगा पाने में नाकाम हो जाते हैं।

सिंह के अनुसार, कुमार ने तुरंत न्यू कुंद्रा के स्टेशन मास्टर को फोन किया और उनसे जांच के लिए ट्रेन को तुरंत रोकने का आग्रह किया।

सिंह ने बताया कि यदि ट्रेन को रोका ना जाता तो यह पटरी से उतर सकती थी।

भाषा सुमित सुभाष

सुभाष