Breaking News

दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट अब खुल गए हैं     |   कनॉट प्लेस में मोबाइल इंटरनेट सेवा बहाल हुई     |   केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है     |   'उसको तो जाना ही था ये हिंदुस्तान के भविष्य की जीत है...', धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले राहुल गांधी     |   CJP का धरना खत्म, युवा जंतर-मंतर के आसपास से बाहर निकलने लगे     |  

श्रीलंका ए ने सुपर ओवर में भारत ए को हराया

दाम्बुला, 15 जून (भाषा) श्रीलंका ए ने त्रिकोणीय एकदिवसीय श्रृंखला के रोमांचक मुकाबले में सोमवार को यहां भारत ए को सुपर ओवर में हरा दिया।

श्रीलंका के तेज गेंदबाज़ कुगाथस मथुलन ने दबाव में भी शांत रहकर वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे की खतरनाक भारतीय जोड़ी के खिलाफ सुपर ओवर में 16 रन बचा लिए जिसके बाद माहौल गरमा गया।

मैच के रोमांचक अंत के बाद सूर्यवंशी को श्रीलंका के एक खिलाड़ी को धक्का देते हुए भी देखा गया जिससे दोनों के बीच शारीरिक टकराव भी हुआ।

हालांकि यह हैरानी भरा रहा कि सूर्यवंशी ने सुपर ओवर की पहली गेंद का सामना नहीं किया।

नियमित ओवरों में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अरशद खान ने अंतिम ओवर में कई स्टीक यॉर्कर डालकर मुकाबले को टाई कराया। अंतिम ओवर में आउट होने वाले सदीरा समरविक्रम (91) ने इससे पहले श्रीलंका को जीत की दहलीज पर पहुंचाया।

आईपीएल में गुजरात टाइटन्स की ओर से खेलने वाले अरशद ने अंतिम ओवर में सिर्फ चार रन दिए जबकि मेजबान टीम को जीत के लिए पांच रन की जरूरत थी।

मैच टाई होने के बाद खेल के नतीजे को लेकर उलझन की स्थिति बन गई थी। भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा अंपायरों पर दबाव बना रहे थे कि खेल को सुपर ओवर के जरिए आगे बढ़ाया जाए। काफी सोच-विचार के बाद अंपायरों ने अपना फैसला बदला और मैच को सुपर ओवर में ले जाने का निर्णय लिया।

हालांकि अरशद का सुपर ओवर काफी महंगा साबित हुआ। उन्होंने एक वाइड और एक नो बॉल सहित कुल 16 रन दिए।

कुगाथस दबाव में भी शांत रहे और भारतीय जोड़ी को सिर्फ नौ रन पर रोक दिया।

इससे पहले सूर्यवंशी (14 गेंद में 21 रन) एक बार फिर अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे लेकिन ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे (66 गेंद में 72 रन) और विपराज निगम (49 गेंद में 51 रन) ने अर्धशतक जड़कर मेहमान टीम का स्कोर 265 रन तक पहुंचाया।

श्रीलंका ए ने श्रृंखला के पहले मैच में अंतिम लम्हों में खराब बल्लेबाजी करके जीत भारत को तोहफे में दी थी लेकिन इस बार बेहतर प्रदर्शन किया।

अफगानिस्तान ए के खिलाफ भी शिकस्त झेलने वाले भारत ए की यह दूसरी हार है।

सूर्यवंशी ने तेज गेंदबाज चमिका गुणाशेखर पर छक्के और दो चौकों के साथ शुरुआत की लेकिन ऑफ स्पिनर साहन अराचिगे की गेंद पर प्वाइंट पर कैच दे बैठे।

कप्तान तिलक वर्मा (23) और फॉर्म में चल रहे उप कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (32) ने तीसरे विकेट के लिए नौ ओवर में 52 रन की साझेदारी की लेकिन धीमी पिच पर श्रीलंका के स्पिनरों के बीच के ओवरों में शानदार गेंदबाजी की।

दो विकेट पर 91 रन बनाकर अच्छी स्थिति में दिख रही भारतीय टीम ने इसके बाद लगातार विकेट गंवाए। ऑफ स्पिनर विजयकांत व्यासकांत ने गायकवाड़ को पगबाधा करके भारत को तीसरा झटका दिया।

तिलक भी इसके बाद कुगाथस मथुलन की गेंद पर प्वाइंट पर कैच देकर पवेलियन लौट गए।

मुंबई के शेडगे और उत्तर प्रदेश के विपराज ने इसके बाद पारी को संभाला।

घरेलू क्रिकेट में अपनी टीमों के लिए सीमित ओवरों के टूर्नामेंट में प्रभावी प्रदर्शन करने वाले शेडगे और विपराज ने एक बार फिर अपनी क्षमता का परिचय दिया।

शेडगे ने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के मारे जबकि विपराज ने छह चौके जड़े। दोनों ने स्ट्राइक रोटेट करने के अलावा खराब गेंदों को सबक सिखाने में भी कोताही नहीं बरती।

भाषा

सुधीर मोना

मोना