Breaking News

सीतामढ़ी में कुख्यात अपराधी राकेश यादव के भाई को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, मौत     |   ठाणे: मेट्रो निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरा 26 टन वजन वाला कंटेनर, टला बड़ा हादसा     |   ग्रेटर नोएडा: एल्डिगो सोसाइटी में वाटर टैंक सफाई के दौरान 2 की दम घुटने से मौत     |   जम्मू-कश्मीर के दरहाली अट्टी इलाके में अचानक आई बाढ़, घरों और खेतों में घुसा पानी     |   दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन फिर खुले, यात्रियों के लिए बड़ी राहत     |  

रुपया शुरुआती कारोबार में 58 पैसे चढ़कर 94.60 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 15 जून (भाषा) रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 58 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.60 पर पहुंच गया।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए समझौता होने की घोषणा करने के बाद वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजारों में मजबूत शुरुआत और अमेरिकी डॉलर की कमजोरी ने भी रुपये को समर्थन दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.70 प्रति डॉलर पर खुला और बाद में बढ़कर 94.60 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो इसके पिछले बंद भाव से 58 पैसे की बढ़त दर्शाता है।

रुपया शुक्रवार को 95.18 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

अमेरिका और ईरान ने 107 दिन चले युद्ध को समाप्त करने और वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने पर सहमति जताई है। इस समझौते को स्विट्जरलैंड में हस्ताक्षर के बाद शुक्रवार को अंतिम रूप दिया गया।

डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर रविवार को इसकी घोषणा की। इससे वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर दबाव कम हुआ। अधिकारियों के अनुसार, शांति समझौते पर 19 जून को स्विट्जरलैंड में औपचारिक तौर पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.53 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,112.70 अंक चढ़कर 76,648.74 अंक पर जबकि निफ्टी 335.55 अंक की बढ़त के साथ 23,956.40 अंक पर आ गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 4.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83.26 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,082.18 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा निहारिका

निहारिका