Breaking News

सीतामढ़ी में कुख्यात अपराधी राकेश यादव के भाई को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, मौत     |   ठाणे: मेट्रो निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरा 26 टन वजन वाला कंटेनर, टला बड़ा हादसा     |   ग्रेटर नोएडा: एल्डिगो सोसाइटी में वाटर टैंक सफाई के दौरान 2 की दम घुटने से मौत     |   जम्मू-कश्मीर के दरहाली अट्टी इलाके में अचानक आई बाढ़, घरों और खेतों में घुसा पानी     |   दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन फिर खुले, यात्रियों के लिए बड़ी राहत     |  

महिला सरपंच की गिरफ्तारी पर सियासत तेज, नवीन ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की

भुवनेश्वर/केंद्रपाड़ा, 14 जून (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष नवीन पटनायक ने केंद्रपाड़ा जिले की तिखिरी ग्राम पंचायत की सरपंच चमेली ओझा की कथित पिटाई और गिरफ्तारी के मामले में रविवार को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से हस्तक्षेप की मांग की। वहीं सरपंच ओझा ने पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच की मांग की है।

अधिकारियों के अनुसार, 33 वर्षीय सरपंच चमेली ओझा को महाकालपाड़ा के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के साथ कथित दुर्व्यवहार करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इस मामले में उनके भाई सूर्यकांत ओझा को भी बीडीओ की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है।

पटनायक ने ‘एक्स’ पर कहा कि मुख्यमंत्री तत्काल हस्तक्षेप कर लोकतंत्र की गरिमा और महिलाओं के सम्मान की रक्षा सुनिश्चित करें।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत की मांगें उठाने वाली एक महिला सरपंच के खिलाफ भाजपा सरकार दमनकारी रवैया अपना रही है और यह किसी लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।

आरोपों पर राज्य के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि सरकार मामले पर नजर रखे हुए है और जिला प्रशासन तथा पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

जिला अस्पताल में उपचाराधीन ओझा ने आरोप लगाया कि बीडीओ के कहने पर पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और निष्पक्ष जांच संभव नहीं है, इसलिए न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए।

वहीं, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ कटारिया ने कहा कि कार्रवाई बीडीओ रबी नारायण आचार्य की शिकायत पर की गई। शिकायत में सरपंच और उनके भाई पर सरकारी काम में बाधा डालने, अभद्र व्यवहार करने और दो पुलिसकर्मियों से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।

भाषा राखी प्रशांत

प्रशांत