Breaking News

सीतामढ़ी में कुख्यात अपराधी राकेश यादव के भाई को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, मौत     |   ठाणे: मेट्रो निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरा 26 टन वजन वाला कंटेनर, टला बड़ा हादसा     |   ग्रेटर नोएडा: एल्डिगो सोसाइटी में वाटर टैंक सफाई के दौरान 2 की दम घुटने से मौत     |   जम्मू-कश्मीर के दरहाली अट्टी इलाके में अचानक आई बाढ़, घरों और खेतों में घुसा पानी     |   दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन फिर खुले, यात्रियों के लिए बड़ी राहत     |  

ओडिशा में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में सात लोगों की मौत, 26 घायल

भुवनेश्वर, 14 जून (भाषा) ओडिशा के तीन जिलों में रविवार को चार अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि क्योंझर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर कांजीपानी थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल से जुड़े अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अक्षय सानांगी (40) और लक्ष्मण सानांगी (32) नामक भाइयों तथा सुरेश, शंकर और डोला के रूप में हुई है।

कटक जिले से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, सुशील कुमार गोछी नाम के एक व्यक्ति की मौत उस समय हुई, जब नृसिंहनाथ मंदिर और बडंबा इलाके को जोड़ने वाले पुल पर उसकी मोटरसाइकिल की एक ऑटो-रिक्शा से भिड़ंत हो गई।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, 'टक्कर के कारण उस व्यक्ति का सिर उसके शरीर से अलग हो गया।'

उन्होंने बताया कि ऑटो-रिक्शा में सवार एक महिला समेत कुल छह यात्री घायल हो गए और उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।

ओडिशा के बालासोर जिले के सोरो में रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर एक पर्यटक बस के सड़क के डिवाइडर से टकरा जाने से चालक की मौत हो गई और कम से कम 20 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बस में लगभग 45 यात्री सवार थे और यह कोलकाता से आंध्र प्रदेश के विजयनगरम लौट रही थी, तभी यह दुर्घटना का शिकार हो गई।

पुलिस ने बताया कि पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मी दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त बस से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान के. वेंकटेश्वर (54) के रूप में हुई है, जबकि घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जिला प्रशासन ने जीवित बचे यात्रियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए आंध्र प्रदेश के प्रशासन से संपर्क किया है।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप