Breaking News

सीतामढ़ी में कुख्यात अपराधी राकेश यादव के भाई को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, मौत     |   ठाणे: मेट्रो निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरा 26 टन वजन वाला कंटेनर, टला बड़ा हादसा     |   ग्रेटर नोएडा: एल्डिगो सोसाइटी में वाटर टैंक सफाई के दौरान 2 की दम घुटने से मौत     |   जम्मू-कश्मीर के दरहाली अट्टी इलाके में अचानक आई बाढ़, घरों और खेतों में घुसा पानी     |   दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन फिर खुले, यात्रियों के लिए बड़ी राहत     |  

पंजाब: होशियारपुर जेल के कैदी का वीडियो ऑनलाइन सामने आया, जांच के आदेश दिए गए

होशियारपुर (पंजाब), 14 जून (भाषा) होशियारपुर केंद्रीय कारागार में बंद एक कैदी का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद जेल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी।

वीडियो में कैदी मनप्रीत सिंह ने जेल कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने दावा किया कि जेल के कर्मचारियों द्वारा उसे परेशान किया जाता है और उससे पैसे की मांग की जाती है।

मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना तलवंडी साबो का निवासी है और जबरन वसूली के एक मामले में कारागार में बंद है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील करते हुए मनप्रीत ने वीडियो में कहा कि कैदियों के सुधार के लिए उचित इंतजाम किए जाने चाहिए और उन्हें अपनी जिंदगी बेहतर बनाने का मौका दिया जाना चाहिए।

उसने जेल के अंदर की कथित परिस्थितियों पर भी असंतोष व्यक्त किया।

होशियारपुर केंद्रीय जेल के अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि कथित वीडियो की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना को लेकर विपक्ष के नेताओं ने पंजाब सरकार पर निशाना साधा, जिससे राजनीतिक विवाद शुरू हो गया।

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने जेल विभाग के कामकाज पर सवाल उठाए।

वडिंग ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, “अब होशियारपुर जेल से सीधी कवरेज। सवाल सीधा है: जेल मंत्री कौन है? अगर पंजाब की जेलों के अंदर ऐसी घटनाएं हो रही हैं, तो जिम्मेदारी कौन लेगा? वर्षों से आम आदमी पार्टी सरकार कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने का दावा करती रही है, लेकिन वीडियो और खबरें जमीनी हकीकत को सामने लाते रहते हैं। पंजाब को बहाने नहीं, जवाब चाहिए।”

उन्होंने पूछा, “भगवंत मान, जवाबदेही तय होने से पहले और कितनी घटनाएं होंगी?”

भाषा

शुभम प्रशांत

प्रशांत