Breaking News

सीतामढ़ी में कुख्यात अपराधी राकेश यादव के भाई को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, मौत     |   ठाणे: मेट्रो निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरा 26 टन वजन वाला कंटेनर, टला बड़ा हादसा     |   ग्रेटर नोएडा: एल्डिगो सोसाइटी में वाटर टैंक सफाई के दौरान 2 की दम घुटने से मौत     |   जम्मू-कश्मीर के दरहाली अट्टी इलाके में अचानक आई बाढ़, घरों और खेतों में घुसा पानी     |   दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन फिर खुले, यात्रियों के लिए बड़ी राहत     |  

विदेश में भारतीयों की मौत पर प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप की निंदा नहीं की: ओवैसी

बहराइच (उप्र), 14 जून (भाषा) एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को यहां मटेरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि ईरान-ओमान के बीच समुद्री क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की मौत के बावजूद प्रधानमंत्री ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की निंदा नहीं की।

जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर मुस्लिम बहुल क्षेत्र शंकरपुर चौराहे पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा, ‘‘तीन भारतीय नागरिक मारे गए, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जुबान पर डोनाल्ड ट्रंप का नाम नहीं आया।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ट्रंप और नेतन्याहू ने मिलकर इस जंग का आगाज किया है।’’

अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम का जिक्र करते हुए ओवैसी ने कहा कि भारत सरकार को विदेशों में फंसे भारतीयों और मृतकों के परिजनों के प्रति अधिक संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि एक भारतीय नाविक का शव दो दिन से विदेश में पड़ा है और उसके परिजन मदद की गुहार लगा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश की राजनीति पर ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) आगामी विधानसभा चुनाव में राजनीतिक हिस्सेदारी और प्रतिनिधित्व की लड़ाई लड़ेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर कोई भाजपा को रोकना चाहता है तो मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन इज्जत और हिस्सेदारी के साथ बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन अब दरी बिछाने की राजनीति नहीं होगी, हिस्सेदारी और बराबरी की लड़ाई होगी।’’

ओवैसी ने समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा और कहा, ‘‘आप बंगाल में जिसकी हिमायत करने गये थे, कल तक जो कहते थे कि दिल में मदीना, आंख में काबा, वे अब बाबा के साथ बैठकर चाय पी रहे हैं और गाली आप ओवैसी को दे रहे हैं।’’

ओवैसी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों में बुलडोजर कार्रवाई, मुठभेड़ों और गिरफ्तारियों का सबसे अधिक असर अल्पसंख्यकों पर पड़ता है। उन्होंने कहा, ‘‘संविधान कानून के राज की बात करता है, बंदूक से राज की नहीं।’’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला करते हुए ओवैसी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था और अल्पसंख्यकों के साथ न्याय के सवाल पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने संभल, मैनपुरी और अन्य घटनाओं का उल्लेख करते हुए कई मामलों में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की।

जनसभा में ओवैसी ने मटेरा विधानसभा क्षेत्र से एआईएमआईएम की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष शौकत अली को संभावित उम्मीदवार घोषित किया और समर्थकों से उनका साथ देने की अपील की। उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम प्रदेश में अपनी राजनीतिक ताकत के दम पर बदलाव लाने का प्रयास करेगी।

भाषा सं राजेंद्र सुरभि

सुरभि