Breaking News

सीतामढ़ी में कुख्यात अपराधी राकेश यादव के भाई को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, मौत     |   ठाणे: मेट्रो निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरा 26 टन वजन वाला कंटेनर, टला बड़ा हादसा     |   ग्रेटर नोएडा: एल्डिगो सोसाइटी में वाटर टैंक सफाई के दौरान 2 की दम घुटने से मौत     |   जम्मू-कश्मीर के दरहाली अट्टी इलाके में अचानक आई बाढ़, घरों और खेतों में घुसा पानी     |   दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन फिर खुले, यात्रियों के लिए बड़ी राहत     |  

उत्तर प्रदेश की छवि बदली, लोग अब जय श्री राम कहकर अभिवादन करते हैं: योगी आदित्यनाथ

गोरखपुर (उप्र), 14 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि पिछले नौ वर्ष में प्रदेश की छवि तेजी से बदली है और राज्य के लोग अब जय श्री राम कहकर अभिवादन करते हैं और देशभर में उनका सम्मान होता है।

गोरखपुर में 926 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के बाद सभा को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश बीमारू तमगे से उबर कर राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था का इंजन बना है।

उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश जहां आप रह रहे हैं, अब इसके सामने पहचान का संकट नहीं है। लोग अब आपका सम्मान करते हैं। आज उत्तर प्रदेश बदला है। इस राज्य ने एक नयी पहचान हासिल की है। अब लोग आपको संदेह की नजर से नहीं देखते।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “उत्तर प्रदेश का नागरिक देश में जहां भी जाता है, लोग जय श्री राम कहकर उसका अभिवादन करते हैं। अब प्रदेश के निवासियों को देशभर में गर्व के साथ पहचाना जाता है।”

उन्होंने कहा, “आप कहीं भी जाएं- उत्तर, दक्षिण, पूरब या पश्चिम और आपको पहचाना जाएगा। आज उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ लोग अपनी पहचान आगे करके गर्व के साथ यात्रा करते हैं।”

मुख्यमंत्री ने इसका श्रेय ढांचागत विकास को देते हुए कहा कि इस प्रदेश में अब देश का सर्वोत्तम एक्सप्रेसवे नेटवर्क है, तेजी से रेलवे प्रणाली, हवाई संपर्क, मेट्रो परियोजनाओं का विस्तार हो रहा है।

उन्होंने कहा, “नए बिजली संयंत्र लग रहे हैं, उद्योगों की स्थापना की जा रही है और आधुनिक प्रौद्योगिकी पूरे प्रदेश में लागू की जा रही है। यह नए भारत का नया यूपी है।”

भाषा सं राजेंद्र जोहेब

जोहेब