Breaking News

सीतामढ़ी में कुख्यात अपराधी राकेश यादव के भाई को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, मौत     |   ठाणे: मेट्रो निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरा 26 टन वजन वाला कंटेनर, टला बड़ा हादसा     |   ग्रेटर नोएडा: एल्डिगो सोसाइटी में वाटर टैंक सफाई के दौरान 2 की दम घुटने से मौत     |   जम्मू-कश्मीर के दरहाली अट्टी इलाके में अचानक आई बाढ़, घरों और खेतों में घुसा पानी     |   दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन फिर खुले, यात्रियों के लिए बड़ी राहत     |  

मप्र: मुरैना के पास ट्रेन में आग की अफवाह फैली, उतरते समय दूसरी ट्रेन से कटकर चार लोगों की मौत

मुरैना (मध्यप्रदेश), 14 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के मुरैना रेलवे स्टेशन के निकट खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के एक डिब्बे में कथित तौर पर आग लगने की अफवाह फैल गई, जिसके बाद उससे उतरने के दौरान दूसरे ट्रैक से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना झांसी रेलवे डिविजन के हेतमपुर और धोलपुर सेक्शन के बीच अपराह्न करीब 4:15 बजे हुई।

उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि खजुराहो इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह से घबराहट में चेन खींचे जाने के बाद कुछ यात्री ट्रेन से उतर गए।

उन्होंने कहा कि ट्रेन से उतरे यात्रियों ने ध्यान नहीं दिया कि बगल वाली पटरी पर पातालकोट एक्सप्रेस आ रही है और वे उसकी चपेट में आ गए।

उन्होंने कहा कि हादसे में चार लोगों की मौत हो गई।

घटनास्थल पर मौजूद मुरैना के जिलाधिकारी लोकेश कुमार जांगिड़ ने ‘पीटीआई-भाषा’ से फोन पर बातचीत के दौरान कहा कि खजुराहो से रवाना हुई उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में जिले के हेतमपुर स्टेशन के पास यह दुर्घटना हुई।

उन्होंने कहा कि रेल इंजन से जुड़ी बोगी में कथित तौर पर अचानक चिंगारी और धुआं निकला, जिसके बाद कुछ यात्रियों ने जंजीर खींचकर ट्रेन को रोक दिया।

कलेक्टर ने बताया इस घटना से ट्रेन के अंदर आग लगने की अफवाह भी फैल गई।

उन्होंने कहा कि जान बचाने के लिए कुछ लोग ट्रेन से कूदने लगे और रेलवे ट्रैक पर आ गए।

उन्होंने कहा कि इसी दौरान कुछ लोग दूसरी रेल लाइन पर खड़े हो गए और उन्हें यह नहीं पता चला कि बगल की पटरी पर दिल्ली की ओर से पातालकोट एक्सप्रेस ट्रेन तेज रफ्तार से आ रही है।

कलेक्टर ने बताया कि दुर्घटना में तीन महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई है।

मुरैना जिले के सराय छोला थाना प्रभारी के. के. सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था।

उन्होंने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की पहचान आफरीन (35), अशद (4), शकुंतला (60) और वीरमा देवी (58) के रूप में हुई है।

भाषा सं ब्रजेन्द्र जोहेब

जोहेब