Breaking News

सीतामढ़ी में कुख्यात अपराधी राकेश यादव के भाई को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, मौत     |   ठाणे: मेट्रो निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरा 26 टन वजन वाला कंटेनर, टला बड़ा हादसा     |   ग्रेटर नोएडा: एल्डिगो सोसाइटी में वाटर टैंक सफाई के दौरान 2 की दम घुटने से मौत     |   जम्मू-कश्मीर के दरहाली अट्टी इलाके में अचानक आई बाढ़, घरों और खेतों में घुसा पानी     |   दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन फिर खुले, यात्रियों के लिए बड़ी राहत     |  

मुंडेश्वरी मंदिर और राजगीर के लिए सब्सिडी वाली हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू करें अधिकारी:सम्राट चौधरी

पटना, 14 जून (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे मुंडेश्वरी मंदिर, करकटगढ़ जल प्रपात और राजगीर जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों के लिए जल्द से जल्द सब्सिडी वाली हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू करें।

पर्यटन विभाग की एक उच्च-स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राजगीर को आध्यात्मिक शिक्षा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के काम में तेजी लाने का भी निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक बयान में कहा गया है, ‘‘मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि बिहार को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर लाना जरूरी है। इसके लिए बुनियादी ढांचा को मजबूत करने तथा धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि राजगीर, गया और नालंदा में जारी परियोजनाओं को तय समय के अंदर पूरा किया जाए।’’

बयान में कहा गया, ‘‘मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि मुंडेश्वरी मंदिर, करकटगढ़ जलप्रपात और राजगीर के लिए सब्सिडी वाली हेलीकॉप्टर सेवाएं एवं वाल्मिकीनगर के लिए रियायती हवाई सेवाएं जल्द से जल्द शुरू की जाएं।’’

उन्होंने अधिकारियों को विष्णुपद मंदिर गलियारा और महाबोधि मंदिर गलियारा परियोजनाओं को अंतिम रूपरेखा प्रदान कर उनपर शीघ्र काम शुरू करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पावापुरी मंदिर परिसर के समग्र विकास के लिए एक विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी। स्थानीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए ग्रामीण पर्यटन पहल शुरू की जाएगी। स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए ‘होमस्टे नीति’ का विस्तार किया जाएगा।’’

भाषा शफीक राजकुमार

राजकुमार