Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

रुपया 16 पैसे चढ़कर 95.25 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 10 जून (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया बुधवार को 16 पैसे मजबूत होकर 95.25 पर बंद हुआ। अत्यधिक उतार-चढ़ाव को रोकने तथा घरेलू मुद्रा में और गिरावट को थामने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के संभावित हस्तक्षेप से रुपये को समर्थन मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि शुरुआती नुकसान को कम करते हुए रुपया अंत में सकारात्मक स्तर पर बंद हुआ। ब्रेंट क्रूड की कीमतों और अमेरिकी डॉलर सूचकांक में नरमी से भी रुपये को समर्थन मिला।

इसके अलावा, भारतीय रिजर्व बैंक की संभावित हस्तक्षेप ने भी निचले स्तरों पर रुपये को सहारा दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.52 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 95.07 के उच्च और 95.56 के निचले स्तर तक पहुंचा। अंत में यह 95.25 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 16 पैसे की बढ़त है।

रुपया मंगलवार को 20 पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.41 पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.87 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 64.42 अंक की मामूली बढ़त के साथ 73,983.18 अंक जबकि निफ्टी 27.15 अंक फिसलकर 23,214.95 अंक पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 91.16 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 2,124.98 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। भाषा राजेश राजेश रमण

रमण