Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

दिल्ली पुलिस के साथ मुठभेड़ में अपराधी घायल

नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) दिल्ली में मूलचंद मेट्रो स्टेशन के पास पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक अपराधी घायल हो गया। यह जानकारी बुधवार को एक अधिकारी ने दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान सोनू के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल अपराधी को अस्पताल ले जाया गया है।

पुलिस के अनुसार, सोनू की गतिविधियों के बारे में गोपनीय सूचना मिली थी, जिसके बाद मूलचंद मेट्रो स्टेशन के पास एक गली में जाल बिछाया गया। जब आरोपी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा, तो पुलिस दल ने उसे रुकने का इशारा किया।

इस संबंध में एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘आत्मसमर्पण करने के बजाय, सोनू ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी, जिसके बाद पुलिस दल को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी, जिसमें अपराधी के पैर में गोली लगी और उसे काबू कर लिया गया।’’

पुलिस ने बताया कि यह अभियान ज़िले के वाहन चोर निरोधक दस्ते (एएटीएस) ने चलाया। उसे सूचना मिली थी कि सोनू मंगलवार देर रात अमर कॉलोनी इलाके में एसडीएम रोड के पास आने वाला है।

पुलिस ने उसके पास से देसी कट्टा, सात मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की। गाड़ी पर आगे की नंबर प्लेट नहीं थी, जबकि पीछे की नंबर प्लेट टूटी हुई मिली।

अधिकारी के अनुसार, सोनू गोविंदपुरी थाने का बदनाम व्यक्ति घोषित है और उस पर झपटमारी की कई घटनाओं में शामिल होने का शक है।

उन्होंने बताया कि उसकी गिरफ्तारी से झपटमारी के छह मामले सुलझाने में मदद मिली, जिनमें से एक सीआर पार्क से दो दिन पहले रिपोर्ट हुआ था।

पुलिस ने बताया कि सोनू करीब एक महीने से गोविंदपुरी से फरीदाबाद चला गया था। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क, हाल की गतिविधियों और दूसरे अपराधों में उसकी संभावित संलिप्तता का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ कर रही है।

भाषा नोमान नोमान सुरेश

सुरेश