Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

जनता ने राजनीतिक स्थिरता और एक स्थिर सरकार के निर्णायक होने का महत्व समझ लिया है : मोदी

नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री का कीर्तिमान बनाने के अवसर पर बुधवार को कहा कि देश के लोगों ने अब राजनीतिक स्थिरता और एक स्थिर सरकार के निर्णायक होने का महत्व समझ लिया है।

मोदी ने कहा कि ‘विकसित भारत’ का सपना किसी एक व्यक्ति या पार्टी का नहीं है, बल्कि यह देश के हर व्यक्ति का संकल्प बन गया है।

उन्होंने यहां सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की एक बैठक में कहा, ‘‘मेरे लिए, लोग ही ईश्वर का रूप हैं।’’

मोदी ने कहा, ‘‘देश के लोगों ने राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक स्थिरता का महत्व समझ लिया है। यह उनकी परिपक्वता ही है कि उन्होंने मुझे इतने लंबे समय तक उनकी सेवा करने का मौका दिया।’’

उन्होंने कहा,‘‘2014 से पहले के कई दशक अस्थिरता और उथल-पुथल से भरे थे, लेकिन अब लोग एक स्थिर सरकार का काम देख रहे हैं और उसके निर्णायक फैसलों की सराहना कर रहे हैं।’’

मोदी ने कहा कि राजग के 12 साल के शासन की एक बड़ी कामयाबी यह रही कि इसने देश को कांग्रेस के ‘‘चंगुल’’ से मुक्त कराया।

मोदी ने कहा, ‘‘जब 2014 में राजग की जीत हुई थी, तो मैंने कहा था कि आज आम आदमी के लिए एक नई उम्मीद की किरण जगी है। कांग्रेस के धोखे के बाद लोगों ने हम पर भरोसा जताया। राजग परिवार के तौर पर हमने लोगों के उस भरोसे को और मजबूत किया है।’’

भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर सबसे लंबे समय तक सेवा करने का कीर्तिमान बनाने पर मोदी को दुनिया भर के नेताओं से बधाई संदेश मिले। केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में खड़े होकर सम्मान दिया गया और देश भर में भाजपा नेताओं ने पूजा-आरती की।

बुधवार को मोदी ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर लगातार 4,399 दिनों का कार्यकाल पूरा किया और देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जो 4,398 दिनों तक इस पद पर रहे थे।

भाषा धीरज रंजन

रंजन