Breaking News

कोलकाता: टीएमसी छात्र यूनियन के दफ्तर में मिले जले हुए नोट, करोड़ों रुपये की नकदी नष्ट     |   बिहार में सम्राट चौधरी कैबिनेट की बैठक कल, कई महत्वपूर्ण फैसलों पर लग सकती है मोहर     |   सरकार का बड़ा एक्शन, सीबीएसई चेयरमैन और सेक्रेटरी को हटाया गया     |   चेन्नई पोर्ट पर सल्फर गैस लीक, लोगों ने की आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कतों की शिकायतें     |   गद्दारी करने वालों को सन्मति दे भगवान: ममता बनर्जी     |  

शिवकुमार बुधवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे

बेंगलुरु, दो जून (भाषा) कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार बुधवार को यहां लोक भवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

वोक्कालिगा समुदाय से आने वाले शिवकुमार (64) कर्नाटक में 30 मई को कांग्रेस विधायक दल के नेता चुने गए थे।

राज्यपाल थावरचंद गहलोत लोक भवन के ‘ग्लास हाउस’ में शाम 4.05 बजे उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

हालांकि, आधिकारिक तौर पर यह ज्ञात नहीं है कि बुधवार को कितने मंत्री शपथ लेंगे। लेकिन सूत्रों के अनुसार, 12 से 14 मंत्री शपथ ग्रहण कर सकते हैं।

आठ बार के विधायक शिवकुमार निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के साथ लंबे समय से चले आ रहे सत्ता संघर्ष के बाद अब राज्य में शासन की बागडोर संभालेंगे।

सिद्धरमैया ने पिछले सप्ताह कांग्रेस आलाकमान के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया, जिससे दक्षिण भारत में पार्टी के संकटमोचक माने जाने वाले शिवकुमार के लिए इस प्रतिष्ठित पद पर आसीन होने का रास्ता साफ हो गया।

खबरों के मुताबिक, राज्य भर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की संभावना के कारण बेंगलुरु में व्यस्त समय के दौरान यातायात अवरूद्ध होने की आशंका को लेकर शपथ ग्रहण समारोह सादे तरीके से आयोजित किया जा रहा है।

शपथ ग्रहण समारोह पहले विधान सौध की भव्य सीढ़ियों पर विशाल जनसमूह की उपस्थिति में आयोजित करने की योजना थी।

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला के इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है।

कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ केंद्रीय नेताओं, गणमान्य व्यक्तियों और आमंत्रित मेहमानों के भी उपस्थित रहने की उम्मीद है।

सूत्रों के अनुसार, विभिन्न मठों के महंतों सहित सभी प्रमुख समुदायों के धर्म गुरुओं को आमंत्रित किया गया है।

इस बीच, मंगलवार को नयी दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान, शिवकुमार और सिद्धरमैया के बीच मंत्रिपरिषद की संरचना को लेकर गहन बातचीत जारी रही। खरगे और राहुल गांधी भी बैठकों में शामिल हुए।

कर्नाटक की मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री समेत 34 मंत्रियों की स्वीकृत संख्या है।

ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि एक से अधिक उपमुख्यमंत्री हो सकते हैं।

लोक भवन में शपथ ग्रहण समारोह के लिए व्यापक इंतजाम किये गए हैं। विधानसभा सौध और लोक भवन परिसर के आसपास कांग्रेस के झंडे तथा सोनिया गांधी, राहुल गांधी, शिवकुमार, वेणुगोपाल, सुरजेवाला और निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धरमैया सहित अन्य नेताओं की तस्वीरों वाले बैनर लगाए गए हैं।

बेंगलुरु पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने संवादताओं को बताया कि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गए हैं। केवल आमंत्रित किये गए व्यक्तियों को ही प्रवेश मिलेगा।’’

लोक भवन के आसपास भारी यातायात को देखते हुए, विधान सौध, विकास सौध और बहुमंजिला सरकारी कार्यालय भवन में कार्यरत कर्मचारियों के लिए 3 जून को आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई है।

भाषा सुभाष माधव

माधव