नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से मंगलवार को रात नौ बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं :-
दि63 सरकार सीबीएसई तबादला
सरकार ने सीबीएसई के चेयरमैन, सचिव का तबादला किया
नयी दिल्ली, केंद्र सरकार ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के चेयमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का मंगलवार को बोर्ड से तबादला कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दि39 ईडी वेदांता तीसरी लीड छापेमारी
ईडी ने फेमा उल्लंघन मामले की जांच के तहत वेदांता समूह के खिलाफ छापेमारी की
नयी दिल्ली, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विदेशी मुद्रा संबंधी कथित ‘‘उल्लंघन’’ को लेकर अरबपति कारोबारी अनिल अग्रवाल के वेदांता समूह के खिलाफ जांच के तहत उसके आधिकारिक परिसरों में छापेमारी की। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
प्रादे130 बंगाल ममता दूसरीलीड धरना
भाजपा ने 177 सीट पर मतगणना में धांधली करके बंगाल चुनाव जीता : ममता बनर्जी
कोलकाता, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हाल में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए 294 में से 177 सीट की मतगणना में ‘‘धांधली’’ की।
प्रादे94 महाराष्ट्र नीट आरोपी इमारत ढहाई
नीट प्रश्नपत्र लीक मामले के आरोपी से जुड़ी इमारत के अवैध हिस्से को बीड में ढहाया गया
बीड, महाराष्ट्र के बीड शहर में नीट प्रश्न पत्र लीक मामले के मुख्य सूत्रधार एवं सेवानिवृत्त प्रोफेसर पी वी कुलकर्णी से कथित तौर पर जुड़ी एक निर्माणाधीन इमारत के अवैध हिस्से को प्रशासन के आदेश के बाद ढहा दिया गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
दि21 : न्यायालय शपथ लीड न्यायाधीश
प्रधान न्यायाधीश ने उच्चतम न्यायालय के पांच नए न्यायाधीशों को शपथ दिलाई, संख्या बढ़कर 37 हुई
नयी दिल्ली, भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने उच्चतम न्यायालय के पांच नए न्यायाधीशों को मंगलवार को पद की शपथ दिलाई और इसके साथ ही शीर्ष अदालत में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 37 हो गई जो अब तक की सर्वाधिक संख्या है।
प्रादे64 ईडी लीड मादक पदार्थ
ईडी ने सलीम डोला मादक पदार्थ मामले में महाराष्ट्र, गुजरात में छापेमारी की
मुंबई, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को महाराष्ट्र और गुजरात में कई स्थानों पर छापेमारी की।
प्रादे142 मप्र लीड अदालत दहेज हत्या हिरासत
त्विषा शर्मा मामला: पति समर्थ सिंह और सास को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
भोपाल, भोपाल की एक अदालत ने पूर्व मॉडल त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह और उसकी सास गिरिबाला सिंह को दहेज उत्पीड़न के आरोप में सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) की हिरासत की अवधि पूरी होने के बाद मंगलवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
दि71 सीबीएसई लीड पोर्टल
‘दुर्भावनापूर्ण तत्वों’ ने पुनर्मूल्यांकन पोर्टल पर सेवाओं को बाधित करने का प्रयास किया: सीबीएसई
नयी दिल्ली, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने मंगलवार को कहा कि ‘‘दुर्भावनापूर्ण तत्वों’’ ने साइबर हमलों की एक श्रृंखला के माध्यम से उसके पुनर्मूल्यांकन पोर्टल पर सेवाओं को बाधित करने का प्रयास किया, जिसमें एक ऐसा हमला भी शामिल है जिसके कारण दो मिनट के भीतर प्लेटफॉर्म पर 15 लाख 'हिट' हुए और अनधिकृत रूप से फाइल हासिल करने के एक लाख से अधिक प्रयास किये गए।
वि31 ईरान इजराइल मध्यस्थ
बेरूत पर बमबारी करने की इजराइल की धमकी को लेकर ईरान ने मध्यस्थों से बातचीत रोकी
दुबई, ईरान समर्थित लेबनानी मिलिशिया हिजबुल्ला के साथ जारी लड़ाई के दौरान बेरूत पर बमबारी करने की इजराइल की धमकी के बाद, तेहरान ने मध्यस्थों से बातचीत रोक दी। ईरान की दो अर्धसरकारी समाचार एजेंसियों ने यह दावा किया है।
वि30 रूस यूक्रेन तीसरी लीड युद्ध
यूक्रेन पर रूस के हमले में 18 लोगों की मौत, 100 से अधिक व्यक्ति घायल
कीव, रूस ने बीती रात यूक्रेन के कीव और दूसरे शहरों पर सैकड़ों ड्रोन व दर्जनों मिसाइलों से हमला किया, जिसमें कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और 131 व्यक्ति घायल हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अर्थ29 लीड शेयर
आईटी शेयरों में उछाल से शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 382 अंक चढ़ा
मुंबई, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में जोरदार खरीदारी के दम पर घरेलू शेयर बाजार चार दिन की गिरावट से उबरकर मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में 382 अंक की तेजी रही जबकि निफ्टी 101 अंक चढ़कर बंद हुआ।
अर्थ22 आरबीआई रेपो दर सर्वेक्षण
अभी रेपो दर को यथावत रखेगा आरबीआई, आगे बढ़ सकती हैं ब्याज दर : सर्वेक्षण
मुंबई, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) जून की मौद्रिक नीति समीक्षा में नीतिगत दर रेपो को यथावत रख सकता है। यह आकलन अर्थशास्त्रियों और क्षेत्र प्रमुखों के एक सर्वेक्षण में सामने आया है।
खेल16 खेल आईआईएम सूर्यवंशी
आतिशी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को केंद्र में रखकर बाल प्रतिभाओं पर अध्ययन करेगा आईआईएम इंदौर
इंदौर (मध्यप्रदेश), कम उम्र में मिलने वाली प्रसिद्धि और इससे पैदा होने वाले दबाव विलक्षण प्रतिभा संपन्न बच्चों के भविष्य को किस तरह प्रभावित करते हैं, इसका जवाब तलाशने के लिए इंदौर का भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) क्रिकेट की नौजवान सनसनी वैभव सूर्यवंशी को केंद्र में रखकर एक अध्ययन करेगा।
खेल18 खेल बैडमिंटन लीड भारत
सिंधु दूसरे दौर में; श्रीकांत, सेन, मालविका बाहर
जकार्ता, दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने कुछ विषम पलों से गुजरने के बावजूद मंगलवार को यहां सीधे गेम में जीत हासिल करके इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में प्रवेश किया, लेकिन किदांबी श्रीकांत और लक्ष्य सेन पहले दौर की बाधा पार करने में नाकाम रहे।
भाषा जोहेब माधव
माधव